सिंधु के लिए भिड़ रहे आंध्र-तेंलगाना, दे चुके हैं करोड़ों का इनाम
हैदराबाद। रियो ओलंपिक में पीवी सिंधु ने रजट पदक जीतकर भारत का नाम क्या रोशन किया, उनकी इस सफलता का फायदा उठाने के लिए राज्यों की होड़ लग गई है। एक ओर तेलंगाना पीवी सिंधु पर अपना हक जता रहा है, तो वहीं दूसरी ओर आंध्र प्रदेश भी पीवी सिंधु को अपनी शान बता रहा है। वहीं पीवी सिंधु के कोच पुलेला गोपीचंद ने सिंधु को किसी राज्य की शान न कहकर भारत की बेटी कहा है।

दोनों राज्यों के दावों के बीच और कुछ हो न हो, लेकिन पीवी सिंधु पर दोनों राज्यों ने मिलकर करोड़ों रुपयों की बारिश कर दी है। पीवी सिंधु के रजत पदक जीतते ही आंध्र प्रदेश सरकार ने उन्हें तीन करोड़ रुपए बतौर इनाम देने की घोषणा की थी, जिसकी तुरंत बाद तेलंगाना सरकार ने सिंधु को पांच करोड़ रुपए की राशि इनाम स्वरूप भेंट करने की घोषणा कर दी।
इसके अलावा तेलंगाना सरकार ने सिंधु को एक हजार वर्ग फुट जमीन और एक सरकारी नौकरी देने का भी वादा किया है। ऐसे में आंध्र प्रदेश सरकार भी पीछे नहीं है, उसने भी सिंधु को सरकारी जमीन और अधिकारी स्तर की नौकरी देने का वादा किया है। वहीं सिंधु के कोच पुलेला गोपीचंद को भी तेलंगाना सरकार ने एक करोड़ रुपए का नकद इनाम देने की घोषणा कर दी है।
दोनों सरकारों के बीच मची इस होड़ के चलते अब तक सिंधु पर 13.11 करोड़ रुपयों की बारिश हो चुकी है। जहां एक ओर सिंधु पर दोनों राज्य अपना हक जता रहे हैं, वहीं सिंधु की मां ने भी उन्हें देश की बेटी कहते हुए इस खींचतान को खत्म करने की कोशिश की है। यहां खास बात यह है कि जब पीवी सिंधु और पुलेला गोपीचंद राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरे तो उस समय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, दोनों ही प्रदेशों के मंत्री उनका स्वागत करने के लिए तैयार खड़े थे।












Click it and Unblock the Notifications