तबलीगी जमात पर ट्वीट से अनंत कुमार हेगड़े का अकाउंट ब्लॉक, PM मोदी से की देसी माइक्रो ब्लॉगिंग साइट लाने की मांग
नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े को तबलीगी जमात पर ट्वीट करना महंगा पड़ गया। जिस वजह से ट्विटर ने उनके अकाउंट को सस्पेंड कर दिया है। वहीं इस बात से नाराज हेगड़े ने पीएम मोदी को पत्र लिखा। जिसमें उन्होंने ट्विटर पर भारत विरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाया। साथ ही मामले में जांच की मांग की है। हेगड़े ने पीएम मोदी से एक देसी माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म लाने की मांग की है, ताकी वहां खुल कर बात लिखी जा सके।

जमात पर जमकर साधा निशाना
हाल ही में कोरोना संकट के दौरान तबलीगी जमात चर्चा में रहा है। आरोप लगाया जा रहा है कि तबलीगी जमात की वजह से ही भारत में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसके बाद से ही हेगड़े जमात पर ट्विटर के जरिए जमकर निशाना साध रहे थे। इसी बीच ट्विटर ने उनके अकाउंट को सस्पेंड कर दिया। जिसके बाद हेगड़े ने रविवार को फेसबुक पर लिखा कि भारत में तबलीगी जमात के छिपे एजेंडे को उन्होंने आड़े हाथों लिया था। साथ ही पंजाब की आजादी की वकालत करने वाले गुरुपतवंत सिंह पन्नून के खिलाफ उन्होंने पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को 20 अप्रैल को पत्र लिखा था। जिस वजह से ट्विटर ने 24 अप्रैल को उनका अकाउंट ब्लॉक कर दिया।
'नफरत फैलान की इजाजत नहीं'
ट्विटर ने उनका अकाउंट ब्लॉक करने से पहले नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्वीट को डिलीट करने को कहा था, लेकिन उन्होंने ट्वीट को डिलिट नहीं किया। हेगड़े के मुताबिक कुछ लोग धर्म की आड़ में गलत काम कर रहे हैं, उन्होंने उनकी सच्चाई बताई थी। उन्होंने कहा कि मैं किसी धर्म के खिलाफ नहीं हूं, एक भारतीय होने के नाते मैं किसी व्यक्ति को नफरत फैलाने या राष्ट्र विरोधी काम करने की इजाजत नहीं दूंगा। साथ ही वो अपने बयान पर कायम रहेंगे।

देसी माइक्रो ब्लॉगिंग साइट लाने की मांग
अकाउंट ब्लॉक होने के बाद हेगड़ ने ट्विटर के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार किया। साथ ही पीएम मोदी को एक पत्र लिखकर मामले की शिकायत की। उन्होंने पत्र में लिखा कि ट्विटर कई भारतीय समर्थकों और राष्ट्रीय हित वाले हैंडल को लगातार निशाना बना रहा है। पिछले एक महीने से ये सब चल रहा है। अब उनके और कई अन्य ट्विटर अकाउंट को बिना किसी पूर्व सूचना के सस्पेंड कर दिया गया। उन्होंने इस पूरे मामले में ट्विटर के खिलाफ जांच की मांग की। वहीं डेटा संप्रभुता के लिए माइक्रो ब्लॉगिंग साइट का देसी संस्करण लाने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications