अमिताभ बच्चन ने हेल्थ वर्कर्स को बताया 'ईश्वर रूपी देवता', लिखी कविता
नई दिल्ली: सदी के महानायक अमिताभ बच्चन भी कोरोना से ग्रसित हो गए हैं। उनके बेटे अभिषेक बच्चन की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों को मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। इस बीच अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया के जरिए अपने फैन्स से जुड़े हैं। साथ ही समय-समय पर अपने स्वास्थ्य का अपडेट दे रहे हैं। अब उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों के लिए एक कविता लिखी है।
Recommended Video
ट्विटर पर शेयर की कविता
अस्पताल में भर्ती अमिताभ बच्चन ने स्वास्थ्य कर्मियों के लिए हिंदी और अंग्रेजी में एक कविता लिखी है, हालांकि दोनों का मतलब एक ही है। इस कविता के जरिए उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को धन्यवाद कहा है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा- " श्वेत वर्ण आभूषण....सेवा भाव समर्पण....ईश्वर रूपी देवता ये....पीड़ितों के संबल ये.....स्वयं को मिटा दिया....गले हमें लगा लिया....पूजा दर्शन के स्थान ये....परचम इंसानियत के"।
वीडियो जारी कर की थी तारीफ
अमिताभ बच्चन ने पहले भी एक वीडियो जारी कर स्वास्थ्यकर्मियों की तारीफ की थी। वीडियो में अमिताभ बच्चन कहते हैं कि मैं नानावती अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ के बारे में बात करना चाहता हूं, जो संकट के समय में जबरदस्त काम कर रहे हैं। बिग बी ने कहा कि हाल ही में मैंने गुजरात के सूरत में एक बोर्ड देखा था, जिसमें लिखा था कि आपको मालूम है कि मंदिर क्यों बंद है, क्योंकि भगवान सफेद कोट पहनकर अस्पतालों में काम कर रहे हैं। आप जितने भी डॉक्टर, नर्सेज और जितने भी लोग अस्पताल में काम कर रहे हैं, आप सब में ईश्वर का एक रूप हैं, आप सब इतनी मेहनत के साथ इंसानियत के लिए काम कर रहे हैं।
कैसी है हालत?
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक अभिषेक बच्चन को नॉर्मल वार्ड में भर्ती किया गया था। वहीं अमिताभ बच्चन को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। अमिताभ बच्चन की हालात स्थिर है। उनमें कोरोना के हल्के लक्षण ही हैं। डॉक्टरों के मुताबिक उन्होंने शुरूआती दौर में ही जांच करवा ली थी। जिस वजह से वायरस का जल्दी पता चल गया और इलाज वक्त से शुरू हो गया। वहीं ऐश्वर्या और आराध्या भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं, लेकिन उनके अंदर लक्षण नहीं होने के चलते उन्हें घर पर ही आइसोलेट किया गया है।