अमित शाह का पूर्वोत्तर पुलिस अकादमी का दौरा रद्द, अब झारखंड में करेंगे चुनावी रैली
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का रविवार (15 दिसंबर) को शिलॉन्ग (मेघालय) जाने का कार्यक्रम रद्द हो गया है। अमित शाह का रविवार को शिलॉन्ग में पूर्वोत्तर पुलिस अकादमी का दौरा करने का कार्यक्रम तय था। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक वहां नागरिकता बिल को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए शाह का दौरा रद्द हो गया है। अब शाह झारखंड में चुनावी रैली करेंगे।
हिंसा को देखते हुए रद्द हुआ दौरा
जापान के पीएम शिंजो आबे को भी भारत-जापान समिट के लिए गुवाहाटी आना था लेकिन हिंसा को देखते हुए उनका दौरा भी कैंसिल हो गया है। मेघालय, त्रिपुरा, असम में सोमवार को लोकसभा में नागरिकता विधेयक रखे जाने के बाद से ही विरोध शुरू हो गया था।ये बिल अमित शाह ने ही सदन में रखा था। बुधवार को राज्यसभा से इस विधेयक के पास होते ही पूर्वोत्तर राज्यों में लोग सड़कों पर उतर आए। हालात लगातार बिगड़ने लगे तो सेना को भेजा गया। इसके बावजूद हालात पूरी तरह काबू में नहीं हैं। पुलिस फायरिंग में अब तक तीन लोगों की मौत की खबर है। दर्जनों लोग घायल हैं।
असम, मेघालय और त्रिपुरा में हालात ठीक नहीं
असम, मेघालय और त्रिपुरा में इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। गुवाहाटी और कई जिलों में कर्फ्यू भी लगाया गया है। दोनों राज्यों में सड़क और रेल यातायात ठप है, उड़ानों पर भी असर पड़ा है। असम में कई मंत्रियों, सांसदों के घरों पर हमले हुए हैं। लोग कर्फ्यू के बावजूद सड़कों पर उतरकर विरोध जता रहे हैं।
क्या है ये नया कानून
नागरिकता संशोधन एक्ट, 2019 को संसद के दोनों सदनों से मंजूरी मिल गई है। बिल सोमवार को लोकसभा से और बुधवार को राज्यसभा में पास हुआ। इसमें पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हिंदू, जैन, सिख, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदाय के शरणार्थियों को नागरिकता का प्रस्ताव है।
नागरिकता एक्ट के खिलाफ जयराम रमेश की सुप्रीम कोर्ट में अर्जी