अमित शाह का दावा, गुजरात में भाजपा 150 से ज्यादा सीटों के साथ बनाएगी सरकार
अहमदाबाद। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि राहुल गांधी के पास विकास का कोई मॉडल नहीं है। वो केवल गुजरात के विकास पर सवाल खड़े कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने इस बात को साफ कर दिया कि भाजपा गुजरात में विजय रुपाणी के चेहरे के साथ चुनाव में उतरेगी। शाह ने कहा कि गुजरात में किसी तीसरे विकल्प के लिए कोई जगह नहीं। जनता बीजेपी के साथ है और गुजरात में भाजपा 150 से ज्यादा सीटों के साथ सरकार बनाएगी।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनाने का दावा कर रही है ऐसा उन्होंने 2002 में भी कहा था 2007 में भी और 2012 में भी कहा था और अभी भी कह रहे हैं और शायद 2022 में भी कहेंगे।

जब अमित शाह से चुनाव में 150 सीटें जीतने पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आप मुझे 18 दिसंबर की रात 12 बजे फोन करके पूछ लेना कि 150 का टारगेट ज्यादा है कि नहीं। आपने यूपी में पूछा था तभी भी मैंने यही कहा था रिजल्ट के दिन फोन करके पूछ लेना लेकिन आपका फोन आया नहीं।
अमित शाह ने कहा कि, हमारी पार्टी में कोई कन्फ्यूजन नहीं है। विजय भाई और नितिन भाई की टीम पर गुजरात की जिम्मेदारी है और उनके नेतृत्व में चुनाव लड़गे। आप कांग्रेस से पूछो उनका नेता कौन है? शाह ने कहा कि, कांग्रेस ने पूरा चुनाव आउटसोर्सिंग कर के रखा है, कांग्रेस के पास ना ही नीति है और ना ही नेता। वे नेता भी बाहर से लाते हैं और नीति भी हमारी लेने का प्रयास करते हैं।
भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एजेंडा लेस, विजन लेस, लीडर लेस पार्टी है। अमित शाह ने कहा कि विकास के किसी भी मुद्दे पर राहुल गांधी चर्चा करें। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी गुजरात में धुव्रीकरण करना चाहती है, इस सवाल पर अमित शाह ने कहा कि पहले कांग्रेस स्पष्ट करे कि वो किसके चेहरे पर चुनाव लड़ रही है भरत सिंह या शक्ति सिंह।












Click it and Unblock the Notifications