'वामपंथियों को दुनिया ने नकारा, कांग्रेस के झांसे में न आएं', केरल में खूब गरजे अमित शाह
Amit Shah Thrissur Speech: 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए एक रैली में अमित शाह ने कहा कि केरल के लोगों को अब कांग्रेस और लेफ्ट के झांसे में नहीं आना चाहिए।

Amit Shah In Kerala: केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता अमित शाह आज एक दिवसीय दौरे पर केरल पहुंचे। यहां त्रिशूर में उन्होंने जनशक्ति रैली को संबोधित किया और लेफ्ट-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश ने 70 साल में जितना प्रगति नहीं की, उतनी प्रगति 9 साल में मोदी जी के नेतृत्व में हुई है। 2014 में जब मोदी जी ने कार्यभार संभाल तब हमारे देश का अर्थतंत्र दुनिया की अर्थव्यवस्था की तालिका में 11वें नंबर पर था।
कांग्रेस और वामपंथियों के झांसे में मत आइए: अमित शाह
अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि कांग्रेस और वामपंथियों के झांसे में मत आइए। ये दोनों केरल में लड़ाई करते दिखेंगे तो त्रिपुरा में दोस्ती निभाते। हालांकि, हमने त्रिपुरा में इनके खेल का पर्दाफाश कर दिया। इसलिए इनपर भरोसा मत कीजिए। वामपंथियों को दुनिया ने नकार दिया है इसलिए अब आपके सामने भाजपा ही सही विकल्प है और हमलोगों को एक मौका दीजिए फिर विकास करके दिखाएंगे।
नौ साल के भीतर हम दुनिया की पांचवीं अर्थव्यवस्था बन गए: शाह
अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि मगर 9 साल के अल्पकालिन समय के अंदर हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। ये बहुत बड़ी उपलब्धि है। इन 9 सालों के अंदर मोदी जी ने देश को सुरक्षित करने का काम किया है।
आतंकी देश में घुसते थे यूपीए सरकार चुप रहती थी: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि पहले आतंकी अंदर घुसकर हमारे जवानों के सिर काटकर ले जाते थे। UPA की सरकार चुप बैठी रहती थी। मोदी जी के समय पुलवामा, उरी में पाकिस्तान ने हमला किया। 10 दिन में ही सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को मारने का काम भारतीय सेना ने किया।
2024 के चुनाव में जनता जवाब देगी
लाइफ मिशन परियोजना में कथित भ्रष्टाचार पर केरल की माकपा नीत वामपंथी सरकार को निशाने पर लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने रविवार को मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से मामले पर चुप्पी साधने का आग्रह किया। शाह ने कहा कि कम्युनिस्ट सोने की तस्करी के कथित घोटाले पर चुप्पी साधे हुए हैं और कहा कि उन्हें 2024 के संसदीय चुनावों में जनता को जवाब देने के लिए मजबूर किया जाएगा।
राहुल पीएम को जितना बदनाम करेंगे तो देश की ताकत उतनी बढ़ेगी
अमित शाह(Amit Shah) ने कहा कि कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि वे हमारे प्रिय नेता पीएम मोदी की कब्र खोदेंगे। मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि आप जितना उन्हें बदनाम करने की कोशिश करेंगे, उतना ही देश में कमल खिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications