‘कांग्रेस को 1600 करोड़ मिले, राहुल बताएं इतना पैसा कहां से वसूला?’ चुनावी बॉन्ड को लेकर अमित शाह का पलटवार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को राहुल गांधी की 'दुनिया की सबसे बड़ी जबरन वसूली' वाली टिप्पणी का जवाब दिया। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी की पार्टी को भी 1,600 करोड़ रुपेय मिले हैं। उन्हें बताना चाहिए कि उन्होंने ये वसूली कहां से की।
समाचार चैनल न्यूज 18 की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कहा कि, "हम कहते हैं कि यह पारदर्शी दान है, लेकिन अगर वह कहते हैं कि यह वसूली है, तो उन्हें विवरण देना चाहिए।''

जब उनसे पूछा गया कि क्या भारतीय जनता पार्टी दानदाताओं की सूची घोषित करेगी, तो अमित शाह ने कहा कि इंडिया ब्लॉक अपना चेहरा दिखाने के लायक नहीं रहेगा। बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट ने इलेक्टोरल बॉन्ड की संवैधानिकता पर सुनवाई के दौरान चुनाव आयोग से कहा था कि वह सभी राजनीतिक दलों से इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर जानकारियां जुटाए।
इसके बाद कुछ राजनीतिक दलों ने तो पूरी जानकारी बताई कि किसने उन्हें कितने रुपये के बॉन्ड दिए और उन्हें कब भुनाया गया, जबकि कई दलों ने सिर्फ यह बताया है कि किस बॉन्ड से उन्हें कितने रुपये मिले। बीजेपी और कांग्रेस ने अभी तक नहीं बताया है कि उन्हें मिले पैसों का स्रोत क्या था।
इलेक्टोरल बॉन्ड से सबसे अधिक चंदा लेने वाली पार्टियों में क्रमशः बीजेपी, टीएमसी, कांग्रेस, बीआरएस आदि हैं। गृह मंत्री ने कहा कि ये सही है कि चुनावी बॉन्ड से भाजपा को 6,200 करोड़ रुपये मिले हैं, जबकि विपक्षी गठबंधन इंडिया को मिले चंदे की बात करें तो उन्हें 6,200 करोड़ रुपये से अधिक मिले हैं।
उन्होंने कहा, "हमारे ऊपर आरोप है कि हमें बहुत सारा चंदा मिला है, यह झूठ है। हमें 6,200 करोड़ रुपये मिले हैं। जबकि राहुल गांधी के नेतृत्व वाले भारतीय गठबंधन को 6,200 करोड़ रुपये से अधिक मिले हैं। हमारे पास लोकसभा में 303 सीटें हैं और 17 राज्यों में सरकार है, लेकिन कोई बताए कि विपक्षी गठबंधन के पास कितनी सीटें हैं?"
इसके साथ अमित शाह ने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद काले धन के खिलाफ तेजी से कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा, "ईडी द्वारा जब्त की गई सभी संपत्तियों में से केवल 5 प्रतिशत राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों की हैं, बाकी काले धन वाले लोगों की हैं।"
शाह ने कहा "जो संपत्तियां जब्त की गई हैं वे राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों की हैं और काला धन भी है। लेकिन वे चाहते हैं कि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई न हो। यह एकदम साफ है कि जो भी भ्रष्टाचार करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और वह जेल जाएगा।"
गृहमत्री ने कहा, "ममता के मंत्री के घर से 51 करोड़ रुपये मिलते हैं, कांग्रेस सांसद के घर से 355 करोड़ रुपये मिलते हैं और वे कहते हैं कि कोई कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। क्या राहुल बाबा देश के लोगों को बता सकते हैं कि यह किसका पैसा है और कहां जा रहा है? उन्हें इसका जवाब देना चाहिए।''












Click it and Unblock the Notifications