हिजाब विवाद पर बोले अमित शाह, कहा- शिक्षण संस्थान में सभी धर्म के छात्रों को ड्रेस कोड फॉलो करना चाहिए
नई दिल्ली, फरवरी 21। हिजाब विवाद को लेकर देशभर में मचे घमासान के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अमित शाह ने एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा है कि वो किसी भी धार्मिक पोशाक को स्कूल या किसी शिक्षण संस्थान में पहनने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वो स्कूल में यूनिफॉर्म पहनने वाले छात्रों के पक्ष में हैं, लेकिन अभी ये मामला हाईकोर्ट में इसलिए कोर्ट जो भी फैसला करेगा वही सभी लोगों को मानना होगा।

यह देश संविधान से ही चलना चाहिए- अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि ये मेरी व्यक्तिगत राय है कि सभी धर्म के छात्रों को शिक्षण संस्थान में ड्रेस कोड को फॉलो करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले को आस्था से नहीं जोड़ना चाहिए। न्यूज 18 को दिए इंटरव्यू में अमित शाह ने कहा है कि अब इस मामले में कोर्ट का जो भी फैसला आएगा वो सभी को स्वीकार करना होगा। शाह ने कहा है कि हमें यह तय कर लेना चाहिए कि यह देश संविधान से चलेगा, इसलिए मेरी व्यक्तिगत राय केवल अदालत के निर्णय तक रहती है।
5 फरवरी को कर्नाटक सरकार ने लगाया था प्रतिबंध
आपको बता दें कि बीते 5 फरवरी को कर्नाटक सरकार ने मुस्लिम छात्राओं के स्कूल में हिजाब पहनकर आने पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद मुस्लिम छात्रों और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया। इसके जवाब में हिंदू छात्र भी विरोध में उतर आए। इसके कारण स्कूलों को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया था। अभी ये मामले हाईकोर्ट में है।
इस मामले में चीफ जस्टिस अवस्थी, जस्टिस जे एम खाजी और जस्टिस कृष्णा एस दीक्षित की हाईकोर्ट की फुल पीठ ने पहले एक अंतरिम आदेश पारित किया था। इसमें विद्यार्थियों को अंतिम आदेश पारित होने तक हिजाब पहनने से रोका गया था।












Click it and Unblock the Notifications