Amit Shah Assam Visit: गुवाहाटी में CRPF परेड में शामिल हुए गृहमंत्री, चुनाव से पहले घुसपैठियों को दी चेतावनी
Amit Shah Assam Visit: असम में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले प्रदेश का सियासी पारा चढ़ता नजर आ रहा है। गृहमंत्री अमित शाह दो दिनों के प्रदेश के दौरे पर हैं। शनिवार को उन्होंने गुवाहाटी में सीआरपीएफ स्थापना दिवस के मौके पर परेड के बाद संबोधित किया। पूर्वोत्तर में पहली बार यह आयोजन हो रहा है। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा बलों की तारीफ करते हुए घुसपैठियों को सख्त संदेश दिया है। चुनावी मौसम में उनके बयान के पीछे का संदेश साफ समझा जा सकता है।
इससे पहले गृहमंत्री ने शुक्रवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था। शाह ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश का चुनाव इस बार सीमा सुरक्षा, राष्ट्रवाद और विकास के मुद्दे पर ही लड़ा जाने वाला है। सीआरपीएफ की परेड के बाद अपने संबोधन में गृहमंत्री ने कहा कि अब भारत की तरफ कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता है।

Amit Shah Assam Visit: सीमा सुरक्षा को बताया बीजेपी की प्राथमिकता
कछार जिले के नाथनपुर गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश की सीमाएं खुली छोड़ दी गई थीं। इस वजह से असम में अवैध घुसपैठ बढ़ी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने इस समस्या से सख्ती से निपटा है और अब सीमा सुरक्षा मजबूत हुई है। उन्होंने सीआरपीएफ परेड को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर आज विकास का प्रवेश द्वार बन रहा है। हम असम के लोगों का हक छीनने नहीं देंगे। घुसपैठ और विदेशी ताकतों से सख्ती से निपटेंगे।
शाह ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारत विश्व में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है और दुश्मन देश भारत की ओर आंख उठाकर नहीं देख सकते। इसके अलावा उन्होंने सोनापुर के कसुतोली में 10वीं असम पुलिस बटालियन के नए परिसर की आधारशिला भी रखी।
Amit Shah ने बांटी प्रदेश को बड़ी सौगात
अमित शाह ने ₹6,900 करोड़ की लागत से 'वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम' के दूसरे चरण की शुरुआत भी की। यह योजना देश के 15 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में सीमावर्ती गांवों के समग्र विकास पर केंद्रित है। असम जैसे सीमावर्ती राज्य में इस योजना को चुनावी दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि भाजपा इसे 'सीमा सुरक्षा के साथ विकास' के मॉडल के रूप में पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में असम में कोई बड़ा विकास कार्यक्रम शुरू नहीं हुआ, जबकि आज राज्य में प्रतिदिन 14 किलोमीटर सड़क निर्माण हो रहा है, जो देश में सबसे अधिक है। भाजपा इस आंकड़े को चुनाव प्रचार में प्रमुखता से उठा सकती है।
Assam Chunav में घुसपैठ का मुद्दा रहेगा हावी
अपने दौरे के दौरान शाह ने नाथनपुर स्थित भारत-बांग्लादेश सीमा चौकी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही गुवाहाटी के अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में Central Reserve Police Force (CRPF) के वार्षिक दिवस परेड में शामिल हुए। यह आयोजन पहली बार पूर्वोत्तर में आयोजित किया गया, जिसे भाजपा पूर्वोत्तर में बढ़ती राजनीतिक पकड़ के प्रतीक के रूप में देख रही है।
असम चुनाव से पहले भाजपा 'राष्ट्रीय सुरक्षा, सीमा प्रबंधन और विकास' को मुख्य मुद्दा बनाकर चुनावी रणनीति तैयार कर रही है, जबकि विपक्ष घुसपैठ और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। आने वाले महीनों में असम की सियासत और गरमाने के संकेत साफ दिख रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications