स्मृति ईरानी के करीबी पूर्व प्रधान की हत्या के बाद, बेटे ने लगाया संगीन आरोप
लखनऊ। अमेठी में चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद जिस तरह से भाजपा नेता स्मृति ईरानी की शानदार जीत हुई उसके बाद पार्टी के भीतर जश्न का माहौल था। लेकिन चुनाव नतीजे घोषित होने के दो दिन बाद ही यहां शोक की लहर दौड़ गई है। स्मृति ईरानी के करीबी और पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह की बीती रात गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। इस हत्या के बाद सुरेंद्र सिंह के बेटे ने इस हत्या के पीछे कांग्रेस के कुछ समर्थकों पर आरोप लगाया है। उधर घटना की जानकारी मिलने के बाद स्मृति ईरानी अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के लिए रवाना हो गई हैं जहां वह सुरेंद्र सिंह के परिजनों से मुलाकात करेंगी।
बेटे ने कांग्रेस पर लगाया आरोप
सुरेंद्र सिंह के बेटे ने आरोप लगाया है कि स्मृति ईरानी की जीत के बाद कुछ कांग्रेस समर्थकों को यह अच्छा नहीं लगा, हमे इस हत्या के पीछे कुछ लोगों पर संदेह है। सुरेंद्र सिंह के बेटे ने कहा कि मेरे पिता स्मृति ईरानी के काफी करीबी थे और वह 24 घंटे उनके लिए प्रचार करते थे। जब वह यहां से सांसद बनीं तो इसके बाद विजय यात्रा निकाली गई जोकि कुछ कांग्रेस के समर्थकों को अच्छी नहीं लगी। मुझे कुछ लोगों पर संदेहै है कि इन लोगों ने ही मेरे पिता की हत्या की है।
इसे भी पढ़ें- महागठबंधन के साथ मिली हार के बाद अब ये है अखिलेश का अगला कदम, किया ऐलान
|
अज्ञात बदमाशों ने मारी गोली
बता दें कि सुरेंद्र सिंह अमेठी के बरौली गांव के पूर्व प्रधान थे। बीती रात तकरीबन 3 बजे कुछ अज्ञात बदमाशों ने उन्हें उस वक्त गोली मार दी जब वह घर के बाहर सो रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है और इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश हो सकती है। सुरेंद्र सिंह को गोली लगने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन वहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया था, जहां जाते वक्त रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
ऐसे आए थे चर्चा में
बता दें कि सुरेंद्र सिंह उस वक्त चर्चा में आए थे जब लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लोगों को जूता बांटा था। सुरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया था कि प्रियंका गांधी ने बरौलिया गांव के लोगों को जूते बांटे हैं, उन्होंने प्रियंका गांधी के इस कृत्य को अमेठी का अपमान बताया था। गौर करने वाली बात है कि बरौलिया गांव को पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लिया था। सुरेंद्र सिंह अक्सर स्मृति ईरानी के साथ चुनाव प्रचार के दौरान देखे जाते थे। खुद स्मृति ईरानी ने कई मौकों पर उनके काम की तारीफ की थी।
इसे भी पढ़ें- BJP ने 120 सांसदों का काटा था टिकट, कितने नए चेहरे पहुंचे संसद? जानिए