बुर्का पहनी औरत को गालियां देने लगी अमेरिकी महिला
नई दिल्ली। बुर्का पहनने की वजह से पुणे में महिला डॉक्टर के साथ अमेरिकी महिला ने कथित तौर पर गाली गलौज की है, जिसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोप है कि अमेरिकी महिला ने डॉक्टर के साथ अभद्रता की क्योंकि महिला डॉक्टर ने बुर्का पहना हुआ था। पुलिस ने बताया कि अमेरिकी महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। 27 वर्षीय महिला डॉक्टर ने आरोपी अमेरिकी महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों महिला पुणे के कैंट इलाके में एक फूल-पत्ती की दुकान पर खरीददारी कर रही थीं, इसी दौरान अमेरिकी महिला ने बुर्का पहने महिला से पूछा कि क्या वह मुस्लिम है। जिसके बाद महिला ने कहा कि हां वह मुस्लिम है तो अमेरिकी महिला ने उसे गाली देनी शुरू कर दी और उसके साथ अभद्रता करने लगी। कैंट पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि हमने इस बारे में अमेरिकी दूतावास को जानककारी दे दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी महिला अक्सर लोगों के साथ अभद्रता करती है और लोगों के साथ विवाद करती है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब हमने महिला को हिरासत में लिया तो उसने हमारे पुलिसवालों को भी गालियां दी। इस बारे में जब अमेरिकी दूतावास के लोगों ने महिला से फोन पर बात की तो महिला ने उन्हें भी गालियां दी और उनसे अपने घर के बारे में पूछा। अधिकारियों ने बताया कि हमे इस बात की जानकारी मिली है कि महिला कोंधावा इलाके में एक मुस्लिम युवक के साथ रहती है। हमने महिला के खिलाफ गैर संज्ञेय अपराध का मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि गैर संज्ञेय अपराध में पुलिस को इस बात का अधिकार नहीं होता है कि वह अपने से किए गए अपराध के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर सके। इससे पहले पुलिस को आरोपी के खिलाफ जांच की अनुमति लेनी होती है, यही नहीं गिरफ्तारी के लिए वारंट हासिल करने के लिए भी पुलिस को अनुमति लेनी होती है।