वेनेजुएला पर अमेरिकी एयर स्ट्राइक के बाद भारत ने वहां मौजूद अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी
America Strike on Venezuela: भारत ने शनिवार को अपने नागरिकों को वेनेजुएला की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी। यह सलाह अमेरिकी सैनिकों द्वारा कराकास में सैन्य हमले के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लेकर अमेरिका ले जाने के बाद आई। विदेश मंत्रालय (MEA) ने अपनी सलाह में कहा, "वेनेजुएला में किसी भी कारण से मौजूद सभी भारतीयों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।"
शनिवार देर रात जारी विदेश मंत्रालय की एक अलग सलाह के अनुसार, 'वेनेजुएला में हालिया घटनाक्रमों के मद्देनज़र, भारतीय नागरिकों को दृढ़ता से सलाह दी जाती है कि वे वहां की सभी गैर-ज़रूरी यात्रा से बचें'।"

अमेरिका ने मादुरो को नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का दोषी ठहराया था, जिसे मादुरो ने खारिज कर दिया। महीनों के तनाव के बाद अमेरिकी सेना ने उन्हें पकड़ने का अभियान चलाया। सितंबर से अमेरिका वेनेजुएला के पास समुद्री क्षेत्र में 20 से अधिक हवाई हमले भी कर चुका था।
वेनेजुएला में रह रहे भारतीयों के लिए भारत ने जारी किया नंबर
वेनेजुएला में रह रहे भारतीयों से 'अत्यधिक सावधानी बरतने, गतिविधियों को सीमित रखने और कराकास में भारतीय दूतावास से संपर्क साधने' को कहा गया है। इसके लिए [email protected] या आपातकालीन फ़ोन +58-412-9584288 पर संपर्क कर सकते हैं।
वहां करीब 50 NRI और 30 भारतीय मूल के नागरिक
वेनेजुएला के घटनाक्रमों पर भारत सरकार की औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। भारतीय दूतावास के अनुसार, वहां करीब 50 NRI और 30 भारतीय मूल के नागरिक हैं।
वेनेजुएला में लगाई गई इमरजेंसी
अमेरिकी हमले के बाद वेनेजुएला ने नेशनल इमरजेंसी की घोषणा की। सरकार ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे 'अत्यंत गंभीर सैन्य आक्रामकता' करार दिया। अमेरिका लाए जाने के बाद, वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो पर न्यूयॉर्क की अदालत में नशीले पदार्थों की तस्करी और हथियारों से जुड़े गंभीर आरोप तय किए गए हैं।
अमेरिका ने वेनेजुएला पर जमाया कब्जा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अमेरिका 'सुरक्षित परिवर्तन' होने तक वेनेजुएला का संचालन करेगा। ट्रंप ने यह भी बताया कि अमेरिका वेनेजुएला के तेल उद्योग में 'बहुत दृढ़ता से शामिल' होगा।
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी हमले का उद्देश्य 'तानाशाह मादुरो को न्याय दिलाना' था। हालांकि, आलोचकों का मानना है कि अमेरिका ने यह कार्रवाई वेनेजुएला के 303 अरब बैरल के विशाल तेल भंडार पर नज़र रखकर की है, जो वैश्विक भंडार का पांचवां हिस्सा है।












Click it and Unblock the Notifications