जेल से बाहर आने के बाद अल्लू अर्जुन ने हाथ जोड़कर मांगी माफी, पीड़ित परिवार के लिए कही ये बात
जेल से रिहा होने के बाद एक बार अभिनेता अल्लू अर्जुन ने मीडिया के सामने आकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मैं कानून का पालन करने वाला व्यक्ति हूं और इस मामले में अपना पूरा सहयोग करूंगा। बता दें कि संध्या थिएटर मामले में अल्लू अर्जुन को निचली कोर्ट ने 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
हालांकि तेलंगाना हाई कोर्ट ने उन्हें जमानत शुक्रवार को दे दी थी, लेकिन इसके बाद भी उन्हें एक रात जेल के भीतर बितानी पड़ी। आज सुबह उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया।

जेल से रिहा होने के बाद अल्लू अर्जुन मीडिया के सामने आए और उन्होंने इस मामले पर अपनी सफाई दी। अल्लू अर्जुन ने कहा कि मैं सभी लोगों के प्यार और सहयोग के लिए शुक्रगुजार हूं।
मैं अपने सभी फैंस का शुक्रिय अदा करता हूं। किसी भी तरह की चिंता की कोई बात नहीं है। मैं पूरी तरह से ठीक हूं। मैं कानून का पालन करने वाला व्यक्ति हूं, मैं कानून का सम्मान करता हूं और इस मामले की जांच में सहयोग करूंगा।
इसके साथ ही अल्लू अर्जुन ने एक बार फिर से पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना जाहिर करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। वहां जो भी हुआ उसके लिए हम माफी मांगते हैं। जो भी हुआ इसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी, यह अंजाने में हुई घटना है। जो भी हुआ उसके लिए हमें खेद है।
अल्लू अर्जुन ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से मैं यहां फिल्म देखने के लिए जा रहा हूं। यहां मैं अपनी फिल्म को देखने के लिए जाता हूं, मैंने यहां पर 30 फिल्म देखी हैं। इस तरह की घटना इससे पहले कभी नहीं हुई, यह पूरी तरह से दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैं पीड़ित परिवार की मदद के लिए हमेशा खड़ा रहूंगा।
जिस भी तरह से संभव हो मैं पीड़ित परिवार की मदद करूंगा। किसी की जान चली गई है, हम उस कमी को तो पूरा नहीं कर सकते हैं, जिस भी तरह से संभव हो मैं परिवार के लिए मदद के लिए खड़ा रहूंगा।
बता दें कि हैदराबाद स्थित संध्या थिएटर में अल्लू अर्जुन जब अपनी फिल्म पुष्पा-2 की स्क्रीनिंग देखने के लिए गए थे तो उस दौरान फैंस की भीड़ उन्हें देखने के लिए उमड़ पड़ी। इस दौरान भगदड़ मच गई, जिसमे एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा बुरी तरह से घायल हो गया। इस घटना के बाद अल्लू अर्जुन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications