क्या है सीलिएक बीमारी, जिससे जूझ रही हैं मिस यूनिवर्स हरनाज संधू, हर महिला इसके बारे में जरूर जानें?
क्या है सीलिएक बीमारी, जिससे जूझ रही हैं मिस यूनिवर्स, हर महिला इसके बारे में जरूर जानें?
नई दिल्ली, 04 अप्रैल: मिस यूनिवर्स हरनाज कौर संधू ने 21 साल बाद ताज घर लाकर भारत को गौरवान्वित किया है। मिस यूनिवर्स बनने के बाद हरनाज कौर संधू इंटरव्यू देने, सार्वजनिक प्रदर्शन करने और बड़े ब्रांडों के लिए मॉडलिंग करने में अपना टाइम एन्जॉय कर रही हैं। भारत ने जहां 2021 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने के लिए उनकी प्रशंसा की वहीं अब लोग उनके वजन बढ़ाने के लिए उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। असल में पिछले कुछ महीनों में हरनाज कौर संधू का वजन बढ़ गया है। जिसको लेकर उनको काफी ट्रोल किया जा रहा है।

'मैं मोटी रहूं या पतली, मैं खुद से प्यार करती हूं...'
पीटीआई को दिए अपने एक नए इंटरव्यू में हरनाज संधू ने कहा, ''मैं शरीर की सकारात्मकता में विश्वास करती हूं और ये ट्रोल मेरे लिए कोई मायने नहीं रखता है।'' एक फैशन शो में अपनी हालिया उपस्थिति के बाद उन्हें मोटा कहने वाले ट्रोल्स को वापस देते हुए, हरनाज ने समाचार एजेंसी को बताया, ''मैं उन साहसी और आत्मविश्वास से भरी लड़कियों में से एक हूं, जो मानती हैं कि भले ही मैं मोटी हूं, भले ही मैं पतली हूं, यह मेरा शरीर है और मैं खुद से प्यार करती हूं।"

हरनाज संधू बोलीं- 'मैं सीलिएक रोग से पीड़ित हूं...'
अपने वजन बढ़ने के बारे में बात करते हुए, हरनाज ने बताया कि भौगोलिक परिस्थितियों में बदलाव से लोगों के शरीर में बदलाव आता है। वह पहली बार न्यूयॉर्क गई थी और भोजन, मौसम और अन्य चीजों ने उसके शरीर को प्रभावित किया। हालांकि, वह ठीक है कि वह कैसी दिखती हैं, उन्हें इस बात से बहुत अधिक फर्क नहीं पड़ता है।
हरनाज ने कहा, 'मैं सीलिएक रोग से पीड़ित हूं, जिसके कारण मैं गेहूं का आटा और कई अन्य चीजों का सेवन नहीं कर सकती हूं। आइए जानें क्या है सीलिएक रोग? क्या है इसके लक्षण।

क्या है सीलिएक रोग, जिससे जूझ रही हैं मिस यूनिवर्स
सीलिएक रोग एक ऐसी स्थिति है जहां एक व्यक्ति को प्रोटीन से एलर्जी होती है, जिसे ग्लूटेन कहा जाता है। असल में सीलिएक रोग पाचन से जुड़ी एक आम समस्या है, जिससे आमतौर पर छोटी आंत में सूजन आ जाती है। इस स्थिति में एक छोटी आंत ग्लूटेन के प्रति अतिसंवेदनशील हो जाती है और इसे पचा नहीं पाती है। इसमें आंत पोषक तत्वों को अवशोषित नहीं कर पाता है।

क्या है सीलिएक रोग के लक्षण?
सीलिएक रोग से पीड़ित मरीजों को दस्त, ब्लोटिंग, पेट में दर्द, थकान, वजन घटना-बढ़ना, पेट की गैस, उल्टी, कब्ज सहित कई लक्षण नजर आते हैं। सीलिएक रोग ज्यादातर वंशानुगत होता है। अगर आपके परिवार में किसी को ग्लूटेन से एलर्जी है, तो आपको बिना किसी लक्षण के भी जांच करानी चाहिए।

सीलिएक रोग है तो, ये खाने से करें परहेज
अगर आपको सीलिएक रोग है तो, गेहूं, राई, जौ, ट्रिटिकेल, माल्टो, यीस्ट और वीट स्ट्रार्च जैसी चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए। सीलिएक रोग के इलाज के लिए कोई विशिष्ट उपचार नहीं है, गेहूं का आटा, जौ और अन्य जैसे ग्लूटेन प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों से बचकर लक्षणों और कठोर प्रभावों को रोका जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications