विश्वविद्यालय में रोज फहराया जाएगा 207 फीट ऊंचा तिरंगा, शुरुआत JNU से
नयी दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में देशद्रोही नारे लगने के बाद से सियासी बवाल बढ़ता जा रहा है। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। इस बीच मानव संसाधन ने देशभर के विश्वविद्यालय को रोजाना 207 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा फहराने का आदेश दिया है। केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी की वाइस चांसलर्स के साथ हुई बैठक में ये फैसला लिया गया।
इस फैसले का मकसद यूनिवर्सिटी कैंपस में राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रसार करना है। इस फैसले के मुताबिक इस तरह का पहला तिरंगा जवाहर लाल नेहरु यूनिवर्सिटी में फहराया जाएगा। ऐसा इसलिए क्योंकि झंडा देश की एकता और अखंडता को प्रकट करेगा।
आपको बता दें कि जेएनयू में राष्ट्र विरोधी नारे लगाए गए, जिसे लेकर देशभर में बहस और प्रदर्शन का दौर छिड़ गया। पिछले महीने हैदराबाद यूनिवर्सिटी के छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या मामले में भी केंद्र सरकार की किरकिरी हुई थी।