कोरोना इफेक्ट: मुंबई में सभी स्कूल 31 दिसंबर तक बंद, 23 नवंबर से थी खोलने की तैयारी
मुंबई में 23 नवंबर से नहीं खुलेंगे स्कूल, 31 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश
मुंबई। देश में एकबार फिर से कोरोना ने रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी दिल्ली से लेकर आर्थिक राजधानी मुंबई तक कोरोना के नए मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इस बीच मुंबई में सभी स्कूलों को 31 दिसंबर तक बंद कर दिया गया है। आपको बता दें कि 23 नवंबर से मुंबई में स्कूलों को खोलने की तैयारी थी, लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बीएमसी ने सभी स्कूलों को 31 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश दिया है।
मुंबई की मेयर ने दी जानकारी
मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि बीएमसी के अधिकार क्षेत्र के सभी स्कूल 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे, ये फैसला मुंबई में बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए लिया गया है।
23 नवंबर से मुंबई में खुल रहे थे स्कूल
आपको बता दें कि मुंबई में 23 नवंबर से 9वीं से लेकर 12वीं कक्षा तक के स्कूलों को खोलने की तैयारी की जा रही थी। शिक्षा विभाग ने इसको लेकर दिशानिर्देश भी जारी कर दिए थे, जिसमें बच्चों की कोरोना जांच होना अनिवार्य था, लेकिन इन सभी के बीच अब स्कूलों को 31 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश आ गया है।
All schools in BMC jurisdiction to remain closed till 31st December. The decision has been taken in the wake of rise in #COVID19 cases in Mumbai. Schools will not re-open on November 23rd: Mumbai Mayor Kishori Pednekar
(File photo) pic.twitter.com/rrdIenFotQ
— ANI (@ANI) November 20, 2020
गुजरात में भी स्कूल खोलने का फैसला वापस
मुंबई से पहले गुजरात सरकार ने भी स्कूलों को खोलने वाले अपने फैसले को वापस ले लिया है। गुजरात में भी 23 नवंबर से स्कूलों को खोलने की तैयारी थी, लेकिन गुरुवार को हुई कैबिनेट मीटिंग में इस फैसले को वापस ले लिया गया।
मुंबई में धीमी हो गई थी कोरोना की रफ्तार
आपको बता दें कि मुंबई में कोरोना की रफ्तार थमने लगी थी, जिसकी वजह से वहां पर जिंदगी पटरी पर लौट रही थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों में खासकर फेस्टिव सीजन के बाद कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं। गुरुवार को मुंबई में कोरोना के 330 नए मामले आए। वहीं एक दिन पहले बुधवार को 871 केस आए थे। मुंबई में कोरोना के कुल मामले 271525 तक पहुंच गए हैं।