कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में बुआ-बबुआ लिखेंगे एक नया इतिहास!
Recommended Video

लखनऊ। कर्नाटक में बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद अब जेडीएस-कांग्रेस साथ मिलकर सरकार बनाने जा रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार ने कहा कि जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) के नेता कुमारस्वामी बुधवार को अकेले ही पद की शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल के शेष सदस्य बहुमत साबित करने के लिए होने वाले शक्ति परीक्षण के पश्चात शपथ लेंगे। इस बीच कुमारस्वामी के शपथ में कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

बीजेपी के खिलाफ एकजुट होंगे विरोधी दल
इस शपथ ग्रहण के जरिए सारी विरोधी पार्टियां एक साथ मंच पर आकर बीजेपी के खिलाफ अपना शक्ति प्रदर्शन भी करने वाली हैं, फिलहाल ये मौका बहुत ऐतिहासिक होगा, जिसमें एक बेहद खास बात होगी कि जो कि अब तक देखी नहीं गई है।

मायावती-अखिलेश एक साथ मंच पर !
यहां हम बात कर रहे हैं बसपा सुप्रीमो मायावती की और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव की, जो कि पहली बार एक साथ मंच साझा करेंगे। इन्हीं दोनों ने ही अब तक ये कन्फर्म किया है कि वो 23 तारीख को कुमारास्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचने वाले हैं।

बुआ-बबुआ सार्वजनिक तौर पर एक साथ मंच करेंगे साझा
ऐसा पहली बार होगा कि बुआ-बबुआ सार्वजनिक तौर पर एक साथ लोगों के सामने आएंगे, इन दोनों का यूं साथ आना साल 2019 में होने वाले चुनाव के गठबंधन से जोड़कर देखा जा रहा है। आपको बता दें कि गोरखपुर-फूलपुर उपचुनाव के दौरान दोनों पार्टियों ने गठबंधन कर जीत हासिल करके सभी को चौंका दिया था, उसी के बाद से लगातार कयास लगाए जा रहे हैं कि ये गठबंधन 2019 के चुनाव में भी देखने को मिलेगा।

शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी पार्टियों के कई नेता शामिल होंगे
गौरतलब है कि एचडी कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी पार्टियों के कई नेता शामिल होंगे, कुमारस्वामी ने खुद सभी को न्योता दिया है, सोमवार को वह नई दिल्ली में राहुल गांधी और सोनिया गांधी को भी न्योता देने पहुंचे थे। शपथ ग्रहण समारोह में अखिलेश-माया के अलावा राजद के तेजस्वी यादव, अभिनेता से नेता बने कमल हासन, डीएमके के एमके स्टालिन, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, तेलंगाना सीएम चंद्रशेखर राव के पहुंचने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications