Air Strike के बाद कर्नाटक में कितनी सीटें जीतेगी भाजपा, येदुरप्पा का बड़ा बयान
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा ने एयर स्ट्राइक को लेकर एक बड़ा बयान दे दिया है।
नई दिल्ली। पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत की ओर से पाकिस्तान में घुसकर जैश-ए-मोहम्मद के ठिकारों पर की गई एयर स्ट्राइक को लेकर सीमा पर तनाव का माहौल बना हुआ है। बुधवार को भी पाकिस्तान की तरफ से जब दो लड़ाकू विमानों ने घुसपैठ की कोशिश की तो भारत ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान के एक F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया। इस बीच पाकिस्तान पर की गई एयर स्ट्राइक को लेकर देश में राजनीति भी शुरू हो गई है। विपक्ष जहां सरकार पर सेना के जवानों की बहादुरी के नाम पर सियासी फायदा उठाने का आरोप लगा रहा है, तो वहीं कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बीएस येदुरप्पा ने एयर स्ट्राइक को लेकर एक बड़ा बयान दे दिया है।

28 में से 22 सीटें जीतेगी भाजपा
कर्नाटक के चित्रदुर्ग में मीडिया से बात करते हुए बीएस येदुरप्पा ने बुधवार को कहा, 'पाकिस्तान में स्थित आतंकी कैंपों पर भारत की ओर से की गई एयर स्ट्राइक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में फिर से एक लहर पैदा कर दी है और ये लहर आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को कर्नाटक की 28 में से 22 सीटों पर जीत दर्ज करने में मदद करेगी। कल हम पाकिस्तान की सीमा में दाखिल हुए आतंकियों के तीन कैंपों को तबाह कर दिया। इससे देशभर में पीएम नरेंद्र मोदी के पक्ष में माहौल बना है। युवाओं में भी जोश का माहौल है और इसका असर आने वाले लोकसभा चुनाव में जरूर देखने को मिलेगा।'

बयान पर घिरे येदुरप्पा
येदुरप्पा ने कहा, 'पीएम मोदी ने पाकिस्तान को एक सबक सिखाने और 40 जवानों की शहादत का बदला लेने में ऐतिहासिक साहस दिखाया है। उन्होंने कहा था कि वो खून की हर एक बूंद का बदला लेंगे और उन्होंने दिखा दिया कि जो वादा उन्होंने किया था, वो उसे निभा रहे हैं। सभी ने प्रधानमंत्री के इस कदम का स्वागत किया है, यहां तक कि विपक्षी दल भी इसका स्वागत कर रहे हैं।' हालांकि अपने इस बयान को लेकर बीएस येदुरप्पा विवादों में घिर गए हैं। कर्नाटक में जहां विपक्ष ने उनके इस बयान की आलोचना की है तो वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।'

क्या है कर्नाटक की वर्तमान स्थिति
आपको बता दें कि वर्तमान में कर्नाटक की 28 सीटों में से 16 लोकसभा सीटों पर भाजपा, 10 सीटों पर कांग्रेस और 2 लोकसभा सीटों पर जेडीएस का कब्जा है। कांग्रेस और जेडीएस पहले ही 2019 का लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने का ऐलान कर चुके हैं, जिसके लिए दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। माना जा रहा है कि कांग्रेस-जेडीएस का गठबंधन कर्नाटक में भाजपा के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। वर्तमान में भी कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस के गठबंधन की सरकार है।

आतंकी ठिकानों पर बरसाए बम
आपको बता दें कि सोमवार-मंगलवार की रात को करीब 3:30 बजे भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में मिराज विमानों के जरिए बमबारी कर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के कंट्रोल रूम सहित कई ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया था। भारतीय वायुसेना के सूत्रों के हवाले से खबर है कि मिराज विमानों ने पीओके में स्थित आतंकी ठिकानों के ऊपर 1000 किलो बम गिराए। बताया जा रहा है कि भारत की इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में आतंकी मारे गए हैं। हालांकि, पहले पाकिस्तान की ओर से इस दावे को पूरी तरह से नकार दिया गया, लेकिन बाद में उसने कहा कि वो इस हमले का जवाब देगा।












Click it and Unblock the Notifications