Air India plane crash: दुर्घटनाग्रस्त फ्लाइट का मिल गया ब्लैक बॉक्स, अब खुलेगा प्लेन क्रैश का राज
Air India plane crash: अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर इंडिया के ड्रीमलाइनर (AI171) विमान गुरुवार ( 12 जून 2025) को टेक-ऑफ करने के तीन मिनट बाद ही क्रैश हो गया था। प्लेन किस वजह से क्रैश हुआ इसकी वजह का पता लगाने में विशेषज्ञों की टीम जांच में जुट चुकी है।
वहीं हादसे के एक दिन बाद जांच टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। एयर इंडिया के दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। इस ब्लैक बॉक्स के जरिए हादसे की वजहों को समझने में आसानी होगी। आइए जानते हैं कहां मिला ये ब्लैक बॉक्स और कैसे इतने बड़े हादसे में सुरक्षित बचा?

कहां मिला ये ब्लैक बॉक्स
एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने शुक्रवार को पुष्टि की कि डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (डीएफडीआर), जिसे आमतौर पर ब्लैक बॉक्स के रूप में जाना जाता है, वो उसी इमारत की छत से बरामद किया गया है जहां एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।
कैसा दिखता है ये ब्लैक बॉक्स, क्यों है इतना अहम ?
ब्लैक बॉक्स फ्लाइट में लगी एक छोटी डिवाइस होती है। इसे आमतौर पर ब्लैक बॉक्स कहा जाता है लेकिन पानी या मलबे के बीच असानी से नजर आने वाली ऑरेंज कलर का चमकीला उपकरण होता है। ब्लैक बॉक्स विमान की उड़ान के दौरान की सारी जानकारी अपने आप रिकॉर्ड करता है। बरामद किए गए डीएफडीआर यानी ब्लैक बॉक्स से फ्लाइट की दुर्घटना के कारणों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
विमानन मंत्री ने जताई ये उम्मीद
विमानन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने एक्स पर लिखा, "एएआईबी द्वारा अहमदाबाद में दुर्घटनास्थल से 28 घंटों के भीतर फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (ब्लैक बॉक्स) बरामद कर लिया गया है। यह जांच में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे घटना की जांच में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।"
एयर इंडिया प्लेन क्रैश
गौरतलब है कि 12 जून 2025 को अहमदाबाद- लंदन एयर इंडिया के बाेइंग विमान में 242 यात्री सवार थे। अहमदाबाद एयर पोर्ट के रनवे से टेक-ऑफ करने के तीन मिनट बाद ही पास के रिहायशी इलाके में क्रैश होकर आग के गोले में तब्दील हो गया था। इस प्लेन में सवार केवल एक यात्री जिंदा बचा है जो भारतीय मूल का एक ब्रिटिश नागरिक। बाकी 241 की हादसे में मौत हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications