Air India Pilot: वैंकूवर से पहले एयर इंडिया पायलट दो बार अल्कोहल टेस्ट में फेल, कनाडा करेगा जांच
Air India Pilot Update: कनाडा के नागरिक उड्डयन नियामक ट्रांसपोर्ट कनाडा ने एयर इंडिया से जुड़े एक गंभीर सुरक्षा मामले को लेकर जांच की मांग की है। यह कार्रवाई रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) की शिकायत के बाद की गई, जिसमें आरोप लगाया गया है कि एयर इंडिया का एक कैप्टन वैंकूवर एयरपोर्ट पर ड्यूटी से पहले शराब के नशे में था।
यह मामला 23 दिसंबर 2025 का है, जब एयर इंडिया की फ्लाइट AI186 वैंकूवर से दिल्ली (वाया वियना) के लिए उड़ान भरने वाली थी। उड़ान से ठीक पहले एक कॉकपिट क्रू सदस्य को विमान से उतार दिया गया, जिसके चलते फ्लाइट में आखिरी समय पर देरी हुई।

एयर इंडिया की सफाई
एयर इंडिया ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि कनाडाई अधिकारियों ने पायलट की ड्यूटी के लिए फिटनेस पर सवाल उठाए, जिसके बाद क्रू सदस्य को आगे की पूछताछ के लिए ले जाया गया।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए एक वैकल्पिक पायलट को तैनात किया गया, जिससे फ्लाइट में देरी हुई। हमें यात्रियों को हुई असुविधा का खेद है और हम स्थानीय अधिकारियों के साथ पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक संबंधित पायलट को फ्लाइंग ड्यूटी से हटा दिया गया है।
दो बार ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में फेल
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रांसपोर्ट कनाडा ने 24 दिसंबर 2025 को एयर इंडिया के सीनियर अधिकारियों को पत्र लिखा, जिसमें बताया गया कि RCMP द्वारा कराए गए दो अलग-अलग ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में पायलट के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पत्र में पायलट को "ड्यूटी के लिए अयोग्य" करार दिया गया।
कनाडाई एविएशन अथॉरिटी ने इस घटना को कनाडियन एविएशन रेगुलेशंस (CARs) का गंभीर उल्लंघन बताया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला CARs 602.02 और CARs 602.03 के साथ-साथ एयर इंडिया के फॉरेन एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट (FAOC) की शर्तों के उल्लंघन से जुड़ा है। ट्रांसपोर्ट कनाडा के पत्र में कहा गया, यह संभावना है कि इस मामले में RCMP और ट्रांसपोर्ट कनाडा सिविल एविएशन (TCCA) द्वारा प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
एयर इंडिया से मांगा गया जवाब
कनाडाई प्रशासन ने एयर इंडिया से इस घटना पर सुधारात्मक कदम उठाने और अपनी आंतरिक जांच के निष्कर्ष साझा करने को कहा है। एयर इंडिया को 26 जनवरी 2026 तक अपनी विस्तृत रिपोर्ट और उठाए गए कदमों की जानकारी ट्रांसपोर्ट कनाडा को देनी होगी।
एयर इंडिया ने अपने बयान में दोहराया कि कंपनी की नीति नियमों के उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस की है। एयरलाइन ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पायलट के खिलाफ कंपनी नीति के अनुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह मामला अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुरक्षा, पायलटों की जिम्मेदारी और एयरलाइनों की निगरानी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करता है।












Click it and Unblock the Notifications