दिल्ली एयरपोर्ट पर कार्डियक अरेस्ट से एयर इंडिया के पायलट की मौत, अचानक महसूस होने लगी थी बेचैनी
Air India Pilot: बीते कुछ महीनों में पायलट की मौत के मामले बढ़ते हुए नजर आ रहे हैं। अब गुरुवार को तीसरी ऐसी घटना सामने आई है, जहां किसी युवा पायलट की कार्डियक अरेस्ट से जान चली गई हो। गुरुवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (आईजीआई) एयरपोर्ट पर दिल का दौरा पड़ने से एयर इंडिया के एक पायलट की मौत हो गई।
इमरजेंसी कंडिशन एयर इंडिया ऑफिस के लेवल 3 पर सामने आई, जहां साथी कर्मचारियों द्वारा कैप्टन हिमानील कुमार को सीपीआर दिया गया। और फिर बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

घटना की मुताबिक 16 नवंबर को लगभग 11.35 बजे एयर इंडिया एयरलाइंस के कमांडर हिमानील कुमार जिनकी उम्र लगभग 37 वर्ष की थी, उनको लेवल 3 एयर इंडिया ऑफिस में कार्डियो अरेस्ट महसूस हुआ।
रिपोर्ट में आगे कहा गया कि को-स्टाफ के सीपीआर देने के तुरंत बाद उनको मेदांता मेडिकल सेंटर में रेफऱ कर दिया गया। जहां एक डॉक्टर से सीपीआर और प्राथमिक उपचार प्राप्त करने के बावजूद भी वह बेहोशी की हालत में रहे। बाद में डॉ. नवीन ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अनुसार, एयर इंडिया के पायलट को उनकी मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार चिकित्सकीय रूप से फिट माना गया, जिसमें थकान के कोई लक्षण नहीं दिखे। गौरतलब है कि पायलट दिवाली की छुट्टियों के बाद ड्यूटी पर लौटा था।
अधिकारियों ने कहा कि हिमानील कुमार एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर एयर इंडिया के संचालन विभाग में एक ट्रेनिंग सेशन में थे, अचानक उनमें बेचैनी होने लगी और सहकर्मियों ने उनकी सहायता करने की कोशिश की। अधिकारियों ने आगे कहा कि उन्हें हवाईअड्डे पर एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिश के बावजूद उनका निधन हो गया।
बता दें कि यह तीसरी ऐसी घटना है जहां किसी युवा पायलट की कार्डियक अरेस्ट से जान चली गई। अगस्त में पुणे के लिए उड़ान भरने की तैयारी करते समय इंडिगो का एक पायलट नागपुर हवाई अड्डे के बोर्डिंग गेट पर गिर गया। प्राथमिक उपचार मिलने और तुरंत अस्पताल ले जाने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
एक दिन पहले स्पाइसजेट के एक पूर्व कैप्टन, जो अब कतर एयरवेज में हैं, उनका दिल्ली से दोहा तक यात्री के रूप में यात्रा करते समय निधन हो गया।












Click it and Unblock the Notifications