AI-171 विमान हादसा: टाटा चेयरमैन व एयर इंडिया सीईओ का दर्द छलका, कहा-''हम कभी नहीं भूलेंगे"
Air India News Update: अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के क्रैश हो जाने के बाद पूरे देश और दुनिया में शोक की लहर है। इस भयावह विमान दुर्घटना को लेकर अब एयर इंडिया के सीईओ एवं एमडी कैंपबेल विल्सन और टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कर्मचारियों और देशवासियों के नाम भावुक संदेश जारी किए हैं।
Tata Chairman N Chandrasekaran: टाटा चेयरमैन का भावुक संदेश
टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने एक गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे टाटा समूह के इतिहास का सबसे अंधकारमय दिन बताया। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि "यह एक बेहद कठिन घड़ी है। जो कुछ भी हुआ वह अवर्णनीय है और हम सभी गहरे सदमे और शोक में हैं। किसी एक परिचित को खोना भी दुखद होता है, लेकिन इतने सारे लोगों की एक साथ जान चली जाना असहनीय है। यह टाटा ग्रुप के इतिहास के सबसे अंधकारमय दिनों में से एक है।"

उन्होंने बताया कि भारत, अमेरिका और यूके की विमानन जांच एजेंसियां अहमदाबाद पहुंच चुकी हैं और टाटा समूह इनसे पूरी पारदर्शिता और सहयोग के साथ काम कर रहा है। चंद्रशेखरन ने लिखा कि "हम सभी की तरह हम भी यह जानना चाहते हैं कि वास्तव में क्या हुआ। अभी हमारे पास इसका जवाब नहीं है, लेकिन हम जल्द इसे जानेंगे। हमारी प्राथमिकता पीड़ित परिवारों को समर्थन देना है।"

उन्होंने अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक धैर्य रखने की अपील की। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि जब टाटा ग्रुप ने एयर इंडिया की जिम्मेदारी ली थी, तब यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई थी और इस पर कभी कोई समझौता नहीं किया गया।
अपने संदेश के अंत में उन्होंने कहा कि "हमने इस समूह को भरोसे और देखभाल की भावना पर बनाया है। यह कठिन समय है, लेकिन हम अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटेंगे। हम इस नुकसान को अपने दिल में संजोकर रखेंगे और कभी नहीं भूलेंगे।"
Message from Campbell Wilson, CEO & MD, Air India: एयर इंडिया सीईओ कैंपबेल विल्सन मैसेज
13 जून 2025 को एयर इंडिया के सीईओ एवं एमडी कैंपबेल विल्सन ने एक आधिकारिक वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद 40 इंजीनियरों और 100 देखभाल कर्मियों की विशेष टीम अहमदाबाद भेजी गई है, जो प्रभावित परिवारों और राहत कार्यों में सहयोग कर रही है।
एयर इंडिया ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को ₹1 करोड़ रुपये के मुआवज़े की घोषणा की है। इसके अलावा अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और लंदन गेटविक एयरपोर्ट्स पर Friends & Relatives Assistance Centres स्थापित किए गए हैं, जहां पीड़ितों के परिवारों को यात्रा, आवास, भोजन और परामर्श जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।
फ्लाइट AI-171 क्रैश: अब तक की जानकारी
12 जून को दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन गेटविक के लिए उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो एक 12 साल पुराना Boeing 787-8 Dreamliner था, तकनीकी खराबी के कारण क्रैश हो गया।
विमान में कुल 242 लोग सवार थे - 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स। दुखद रूप से 241 की मृत्यु हो गई है। केवल एक व्यक्ति - भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक - इस हादसे में जीवित बचे हैं और अहमदाबाद में अस्पताल में भर्ती हैं।
मृतकों की राष्ट्रीयता
- 169 भारतीय नागरिक
- 53 ब्रिटिश नागरिक
- 7 पुर्तगाली नागरिक
- 1 कनाडाई नागरिक
हेल्पलाइन नंबर
पीड़ितों के परिजनों के लिए एयर इंडिया द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं:
- भारत से कॉल के लिए: 1800 5691 444
- विदेश से कॉल के लिए: +91 8062779200
एयर इंडिया ने मीडिया से अनुरोध किया है कि वे इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग न करें क्योंकि ये केवल पीड़ितों के परिवारों के लिए आरक्षित हैं।












Click it and Unblock the Notifications