Air India Express ने क्यों रद्द की 78 से अधिक फ्लाइट्स? MoCA ने मांगी रिपोर्ट, DGCA को दिए निर्देश
Air India Express Flights: भारतीय एयरलाइंस कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अचानक बड़ी संख्या में अपनी फ्लाइट्स रद्द की हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक 80 से अधिक फ्लाइट्स एयर इंडिया ने कैंसिल कर दी है। इसके पीछे की वजह विमानन कंपनी के कर्मचारियों के बड़ी संख्या में सिक लीव पर जाना बताई जा रही है। ऐसे में नागरिक उड्डयन मंत्रालय (Ministry of Civil Aviation) ने विमानन कंपनी से रिपोर्ट मांगी है और फ्लाइट्स संचालन से जुड़े मुद्दों को तत्काल हल करने और यात्रियों को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय द्वारा तय मानकों के सुविधाओं की उपलब्धतता सुनिश्चित कराने को कहा है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की बड़ी संख्या में फ्लाइट्स रद्द होने के मामले में नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक्शन लिया है। मनिस्ट्री ने अपने निर्देश में कहा है कि एयरलाइंस कंपनी को डीजीसीए द्वारा निर्धारित मानदंडों का पालन करना आवश्यक है। एमओसीए के हवाले से एएनआई ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा, "MoCA ने उड़ानें रद्द करने के संबंध में एयर इंडिया एक्सप्रेस से रिपोर्ट मांगी है और उनसे मुद्दों को तुरंत हल करने को कहा है। साथ ही, उन्हें डीजीसीए मानदंडों के अनुसार यात्रियों को सुविधाएं सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।"

दरअसल, एयर इंडिया एक्सप्रेस में कई हफ्तों से कर्मचारियों में असंतोष की सुगबुगाहट देखी जा रही थी। मगर एयर इंडिया एक्सप्रेस इम्प्लॉयीज यूनियन द्वारा टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को 26 अप्रैल को पत्र लिखे जाने के बाद यह मामला सामने आया।
वहीं दिल्ली के क्षेत्रीय श्रम आयुक्त अशोक पेरुमल्ला ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि एयर इंडिया एक्सप्रेस के कर्मचारियों की चिंता जायज है और विमानन कंपनी में 'कुप्रबंधन' और श्रम कानूनों का स्पष्ट तौर पर उल्लंघन किया गया है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस और एआईएक्स कनेक्ट टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया की सहायक इकाइयां हैं और इनके विलय की प्रक्रिया चल रही है। वहीं विस्तारा एयरलाइंस में कामकाज के घंटे और एयर इंडिया के साथ विलय के लिए नए वेतन पैकेज को लेकर असंतोष के बीच पायलटों के एक वर्ग द्वारा बीमारी की छुट्टी लेने के कारण कंपनी को अपनी 10 फीसदी उड़ान रद्द करनी पड़ी थी। इसके कुछ हफ्ते बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस को भी इस तरह की समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications