Air Strike: सिने वर्कर एसोसिएशन की पीएम मोदी से अपील, पाक कलाकारों को ना मिले वीजा
नई दिल्ली। पाकिस्तान के बालाकोट में इंडियन एयरफोर्स की एयर स्ट्राइक की बॉलीवुड ने जमकर तारीफ की है। वहीं, अब ऑल इंडिया सिने वर्कर एसोसिएशन (AICWA) ने पीएम मोदी को एक पत्र भी लिखा है और पाकिस्तानी एक्टर्स को भारत आने के लिए वीजा जारी न करने की अपील की है। एसोसिएशन ने पीएम नरेंद्र मोदी से अपील की है कि किसी भी पाकिस्तान आर्टिस्ट को वीजा ना मिले।

इस पत्र में कहा गया है कि पूरे बॉलीवुड को भारतीय वायुसेना और सरकार पर गर्व है, जिन्होंने पीओके में ऐसा साहसी और जिम्मेदारी से भरा जवाब दिया है। उम्मीद है कि आगे सरकार ऐसी ही कड़ी कार्रवाई करेगी। लेटर में एसोसिएशन ने विदेश मंत्रालय और सूचना-प्रसारण मंत्रालय से अपील की है कि वे इसका संज्ञान लें।
दरअसल, बालाकोट में जैश के ठिकानों पर भारतीय वायुसेना की कार्रवाई से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है और इसी बौखलाहट में पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने भारतीय फिल्मों पर पाबंदी लगाने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि सिनेमा एग्जिबिटर्स एसोसिएशन ने भारतीय फिल्मों के बहिष्कार का फैसला लिया है, कोई भी भारतीय फिल्म पाकिस्तान में रिलीज नहीं की जाएगी।
पाकिस्तान के इस कदम के बाद अब ऑल इंडिया सिने वर्कर एसोसिएशन ने पीएम मोदी को पत्र लिखा है, 'पीएम नरेंद्र मोदी से अपील है कि वे किसी भी पाकिस्तान आर्टिस्ट को विजा की मंजूरी ना दें। हम उम्मीद करते हैं कि भारत सरकार कड़े कदम उठाएगी। आतंकी संगठन को फंडिंग करने वाले पाक जैसे देश के खिलाफ प्रतिबंध लगाए जाए। देश की 1.3 अरब आबादी इस काम में आपके साथ खड़ी है।'
बता दें कि इंडियन एयरफोर्स के मिराज 2000 फाइटर जेट्स ने लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पार कर जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर 1000 किलोग्राम बम दागे थे। सूत्रों के मुताबिक, इस एयर स्ट्राइक में 300 से अधिक आतंकी मारे गए।












Click it and Unblock the Notifications