AIADMK में घमासान, पनीरसेल्वम समर्थकों ने पलानीस्वामी की तस्वीर को चप्पलों से मारा, पत्थर और लाठियां चली
चेन्नई, 11 जुलाई: दिवंगत दिग्गज नेता जयललिता की पार्टी AIADMK के अंदर चल रही दो धड़ों की लड़ाई अब खुलकर सड़क पर आ गई है। AIADMK जनरल काउंसिल ने पार्टी के दोहरे नेतृत्व को खत्म करने और पार्टी के लिए उप महासचिव पद बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया है। साथ ही पार्टी महापरिषद ने ओ. पनीरसेल्वम को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से हटाने का प्रस्ताव पारित किया है, जिसके बाद तगड़ा हंगामा देखने को मिला।

ओ पनीरसेल्वम (ओपीएस) और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी के. पलानीस्वामी (ईपीएस) के बीच अन्नाद्रमुक की अंदरूनी कलह सोमवार को सड़क पर घमासान में बदल गई। दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच पार्टी ऑफिस के बाहर हिंसक झड़प हुई। पार्टी के भविष्य की लीडरशिप को तय करने के लिए आयोजित जनरल काउंसिल की बैठक से पहले तगड़ी लड़ाई छिड़ गई। हालांकि विवाद के बावजूद एडप्पादी के पलानीस्वामी को बैठक के बाद अन्नाद्रमुक के अंतरिम महासचिव के रूप में नियुक्त किया गया है।
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक ओपीएस समर्थकों ने ईपीएस की फोटो को भी चप्पलों से मारा। हंगामे के बाद पनीरसेल्वम ने अपने समर्थकों का अभिवादन किया और पार्टी का झंडा भी लहराया। साथ ही कहा कि जनरल काउंसिल का मुझे निष्कासित करना वैध नहीं है। हम कानून के अनुसार कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्हें मुझे हटाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे पार्टी के 1.5 करोड़ कार्यकर्ताओं द्वारा (पार्टी समन्वयक के रूप में) चुना गया है। कानून के मुताबिक हम इसे कोर्ट में चुनौती देंगे। मैं कार्यकर्ताओं से मिलूंगा और न्याय मांगूंगा।
हंगामे के कई वीडियो सामने आए, जिसमें दोनों गुटों के समर्थकों को एक-दूसरे पर पथराव करते हुए भी देखा जा सकता है। कथित तौर पर कुछ लोगों ने पास में खड़े वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पार्टी मुख्यालय के बाहर हंगामे के दौरान पोस्टर और बैनर भी जलाए गए। दोनों गुटों के लोगों ने आपस में मारपीट की और एक दूसरे पर लाठियों से हमला कर दिया। बवाल इतना बढ़ गया कि अन्नाद्रमुक ऑफिस में ताले लगे गेट को तोड़ दिया और पार्टी मुख्यालय में घुसकर हंगामा किया।












Click it and Unblock the Notifications