'हादसे पर जल्दबाजी नहीं!' Air India क्रैश पर अमेरिकी जांच एजेंसी की फटकार, बताया क्या है सच्चाई
Air India crash Report: 12 जून को गुजरात के अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे की जांच अभी जारी है, लेकिन इस बीच अमेरिकी राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की प्रमुख जेनिफर होमेंडी ने मीडिया में चल रही पायलट को लेकर खबरों को "जल्दबाजी और अटकलों पर आधारित" करार दिया है।
गौरतलब है कि एयर इंडिया की फ्लाइट 171 (Air India Flight 17), जो कि एक बोइंग 787-7 ड्रीमलाइनर थी, टेकऑफ के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में कुल 260 यात्रियों की मौत हो गई थी। यह विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भर रहा था, लेकिन कुछ तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह रनवे से कुछ दूरी पर ही क्रैश हो गया।

मीडिया रिपोर्टों पर एनटीएसबी की कड़ी प्रतिक्रिया
बीते 18 जुलाई को, NTSB प्रमुख होमेंडी ने कहा कि,"Air India 171 विमान दुर्घटना को लेकर हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्टें आई हैं, जो पूरी तरह से जल्दबाज़ी में की गई अटकलें हैं। भारत की विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने अभी केवल प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की है और इस स्तर पर किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना गलत होगा। हम AAIB की सार्वजनिक अपील का पूरा समर्थन करते हैं और उनकी जांच में सहयोग जारी रखेंगे।"
यह बयान NTSB ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया।
Air India crash Report: प्रारंभिक रिपोर्ट में क्या कहा गया?
भारत की विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) द्वारा जारी प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, टेकऑफ के तुरंत बाद विमान के दोनों ईंधन नियंत्रण स्विच को "कटऑफ" पोजिशन पर ले जाया गया, जिससे दोनों इंजन में ईंधन की आपूर्ति बंद हो गई। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 10 सेकंड बाद स्विच को वापस सामान्य स्थिति में लाया गया, लेकिन तब तक इंजन से थ्रस्ट (बल) खत्म हो चुका था और विमान क्रैश हो गया।
AAIB की रिपोर्ट में एक और अहम जानकारी दी गई है। कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) के अनुसार, फ्लाइट के पहले अधिकारी (First Officer) क्लाइव कुंदर ने मुख्य पायलट कैप्टन सुमीत सभरवाल से सवाल किया -
"आपने कटऑफ क्यों किया?"
जिस पर सभरवाल का जवाब था -
"मैंने नहीं किया।"
इस बातचीत से यह स्पष्ट नहीं है कि आखिर ईंधन स्विच कटऑफ कैसे हुआ - मानवीय त्रुटि या किसी तकनीकी कारण से। इसी वजह से NTSB और AAIB दोनों ने मीडिया और जनता से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें।
AAIB की रिपोर्ट के बाद, भारत के नागरिक उड्डयन नियामक DGCA ने देश में उड़ान भर रहे सभी Boeing 737 और Boeing 787 विमानों के ईंधन नियंत्रण तंत्र की जांच के आदेश दिए हैं, ताकि किसी भी संभावित तकनीकी गड़बड़ी को पहले ही पहचाना जा सके।
Air India CEO ने भी की संयम की अपील
एयर इंडिया के CEO कैंपबेल विल्सन ने भी बयान जारी कर जनता और मीडिया से अपील की कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, किसी भी निष्कर्ष पर न पहुंचे। उन्होंने कहा कि हादसे की जटिलता को देखते हुए जांच को पूरा करने में समय लगेगा और सभी को संयम बरतने की जरूरत है।
Air India 171 हादसे की जांच अभी शुरुआती चरण में है। हालांकि प्रारंभिक रिपोर्ट में ईंधन स्विच कटऑफ का जिक्र है, लेकिन इसकी वजह मानव त्रुटि थी या तकनीकी खराबी - यह कहना फिलहाल जल्दबाज़ी होगी। भारत की AAIB और अमेरिका की NTSB मिलकर इस जांच को अंजाम दे रहे हैं और जब तक अंतिम रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक किसी भी खबर को अंतिम सच मानना उचित नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications