मोगा में राहुल गांधी की रैली से पहले सिद्धू ने किया ट्वीट, कहा- भाजपा जा रही है, कांग्रेस आ रही है
नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस चुनावी अभियान में जुटी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को पंजाब के दौरे पहुंचे हैं। राहुल गांधी की मोगा में आज होने वाली रैली की तैयारियां पहले ही पूरी हो चुकी थीं। वहीं, राहुल गांधी के दौरे से पहले पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया। नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि पंजाब की धरती पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का स्वागत है।
'आप आए बहार आई..'
नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया, 'आप आए बहार आई... बुरे दिन जाने वाले हैं, राहुल गांधी आने वाले हैं। सर्दी जा रही है, गर्मी आ रही है, भाजपा जा रही है, कांग्रेस आ रही है।' दूसरी तरफ, मोगा में रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि राफेल की खरीद का कांट्रेक्ट क्यों बदला गया। राफेल पर एक बार फिर उन्होंने पीएम मोदी को घेरा।
|
राहुल गांधी ने रैली में साधा पीएम मोदी पर निशाना
राहुल गांधी ने कहा कि आज देश में निराशा का माहौल है। देश के युवाओं, किसानों सहित सभी वर्गों में मायूसी है। उन्होंने किसानों की कर्जमाफी को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि आज पूरे देश में नफरत का माहौल पैदा किया जा रहा है। ये माहौल पंजाब सहित पूरे देश के लिए खतरनाक है। राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान में जो नरेंद्र मोदी ने गरीबी बढ़ाई है, जिन लोगों को बेरोजगार किया है, हम हिंदुस्तान से गरीबी को मिटा देंगे।
|
कांग्रेस का मिशन- बढ़ता पंजाब बदलता पंजाब- मिशन 13
कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर 'मिशन 13' यानी पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए कोई कसर बाकी नहीं रखना चाहती है। पार्टी इस रैली के जरिए अपने मिशन को आगे बढ़ाना चाहती है। कांग्रेस ने इस रैली को 'बढ़ता पंजाब बदलता पंजाब- मिशन 13' नाम दिया है। राहुल गांधी की रैली के दौरान मंच पर पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के अलावा कई कांग्रेस नेता मौजूद थे।