अगरतला-लोकमान्य टर्मिनस एक्सप्रेस के 8 डिब्बे पटरी से उतरे, सीएम ने कहा- सभी यात्री सुरक्षित
Agartala -LTT Express derailed: असम के डिबालोंग स्टेशन पर अगरतला-लोकमान्य तिलक टर्मिनस 8 डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की कोई सूचना अभी तक सामने नहीं है। वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, कोई बड़ी दुर्घटना या चोट नहीं आई है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
न्यूज़ एजेंसी एएनआई की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, अगरतला से आज सुबह रवाना हुई 2520 अगरतला-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस लुमडिंग डिवीजन के अंतर्गत डिबालोंग स्टेशन पर लुमडिंग-बदरपुर हिल सेक्शन में पटरी से उतर गई। ट्रेन के पावर कार और इंजन सहित 8 डिब्बे पटरी से उतर गए।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे सीपीआरओ ने बताया कि किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। दुर्घटना राहत ट्रेन और दुर्घटना राहत चिकित्सा ट्रेन बचाव और बहाली कार्यों की निगरानी के लिए डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लुमडिंग से घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है।
लुमडिंग-बदरपुर सिंगल लाइन सेक्शन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है। लुमडिंग में हेल्पलाइन नंबर 03674 263120, 03674 263126 हैं। वहीं, इस हादसे पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट किया, "ट्रेन 12520 अगरतला-LTT एक्सप्रेस के 8 डिब्बे आज 15:55 बजे लुमडिंग के पास डिबालोंग स्टेशन पर पटरी से उतर गए। कोई बड़ी दुर्घटना या चोट नहीं आई है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।"












Click it and Unblock the Notifications