अटॉर्नी जनरल वेणुगोपाल गए सेल्फ क्वारंटाइन में, सुप्रीम कोर्ट को किया सूचित
नई दिल्ली। भारत के अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल के स्टाफ में एक सहकर्मी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उन्होंने अपने आप को क्वारंटाइन कर लिया है। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया कि अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल सेल्फ आइसोलेशन में हैं। इसके साथ ही उसने अधिकरणों में रिक्त पदों पर नियुक्ति से संबंधित मामले में स्थगन का अनुरोध किया है।

जस्टिस एल. नागेश्वर राव और जस्टिस हेमंत गुप्ता की पीठ से अतिरिक्त सॉलिसीटर जनरल एसवी राजू ने इस याचिका की सुनवाई कुछ दिन के लिए स्थगित करने का अनुरोध किया क्योंकि इसमें पेश हो रहे अटॉर्नी जनरल स्वत: पृथक-वास में हैं। पीठ ने राजू का अनुरोध स्वीकार कर लिया और मामले पर सुनवाई की अगली तारीख 15 सितंबर तय की।
सुप्रीम कोर्ट सैन्य बल अधिकरण, केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण समेत कई अधिकरणों में रिक्त पदों को भरने से संबंधित याचिकाओं की सुनवाई कर रहा है। बता दें कि, भारत में दिन प्रतिदिन कोरोना को लेकर स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। कुल संक्रमितों की संख्या 42 लाख के आंकड़े को पार कर गई है, जिसके बाद अब हम विश्व में कोरोना से दूसरे सबसे ज्यादा प्रभावित देश बन गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार (रविवार सुबह 8 बजे से लेकर सोमवार सुबह 8 बजे तक) लगातार दूसरे दिन 90 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। पिछले 24 घंटों में अब तक सबसे ज़्यादा 90,802 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 42,04,613 हो गई है। वहीं इस दौरान 1016 लोगों की मौत हुई है, कुल मृतकों की संख्या 71,642 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications