मैं भाजपा की गीदड़ भभकी से नहीं डरता, नीतीश संग गठबंधन अटूट- लालू प्रसाद
आयकर विभाग की छापेमारी के बाद बोले लालू प्रसाद यादव मैं भाजपा और उसके सहयोगियों से डरने वाला नहीं हूं।
नई दिल्ली। लालू प्रसाद यादव के 22 ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी के बाद आखिरकार लालू ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला है। लालू प्रसाद यादव ने ट्वीट करके केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए लिखा है कि भाजपा को नए एलायंस पार्टनर मुबारक हों, लालू प्रसाद यादव झुकने और डरने वाले नहीं हैं। जबतक आखिरी सांस है फासीवादी ताकतों के खिलाफ लड़ता रहुंगा।

मैं गीदड़भभकी से नहीं डरता
लालू प्रसाद यादव ने भाजपा को चुनौती देते हुए लिखा है कि भाजपा में हिम्मत नहीं है कि लालू की आवाज को दबा सके, लालू की आवाज को दबाएंगे तो देशभर में करोड़ो लालू खड़े हो जाएंगे। मैं गीदड़ भभकी से डरने वाला नहीं हूं। लालू प्रसाद ने मीडिया पर निशाना साधते हुए लिखा है कि अरे पढ़े लिखे अनपढ़ों ये तो बताओ कि कौन से 22 ठिकानों पर छापेमारी हुई है। भाजपा समर्पित मीडिया और उसके सहयोगी घटकों सरकारी तोतों से लालू नहीं डरता है।
गठबंधन अटूट
वहीं नीतीश कुमार के साथ गठबंधन पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए लालू ने कहा कि ज्यादा लार मत टपकाओ, गठबंधन अटूट है, अभी तो समान विचारधारा के और दलों को साथ जोड़ना है। मैं भाजपा के सरकारी तंत्र और सरकारी सहयोगियों से नहीं डरता हूं। उन्होंने कहा कि आरएसएस भाजपा को लालू के नाम से कंपकंपी छूटती है। इनका पता है कि लालू इनके झूठ, लूट और जुमलों के कारोबार को ध्वस्त कर रहा है तो दबाव बनाओ। पूँजीपतियों के सरगनाओं सुनो, ग़रीबों का समर्थन व शुभ आशीर्वाद मेरे साथ है।लालू न हारा है,न थका है।अपराजेय योद्धा की तरह सदा लड़ा और जीता हूँ।
इसे भी पढ़ें- साल 2014 में अखबारों ने कुछ ऐसे किया था मोदी सरकार का स्वागत
कई ठिकानों पर हुई थी छापेमारी
आपको बता दें कि आज सुबह आयकर विभाग ने लालू प्रसाद यादव के कई ठिकानों पर छापेमारी शुरु की है। जिसमें दिल्ली, गुड़गांव और एनसीआर में लालू के ठिकानों पर आयकर विभाग ने धावा बोला है। लालू प्रसाद पर भाजपा नेता सुशील मोदी ने कई भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उन्होंने लालू की बेटी मीसा भारती और उनके पति शैलेश पर आरोप लगाया था कि 2002 में मिसैल पैकर्स एंड प्रिंटर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम की कंपनी बनाई गई, इस कंपनी के नाम पर लालू की बेटी और दामाद ने धोखाधड़ी की।












Click it and Unblock the Notifications