राहुल गांधी के बाद एक और कांग्रेस नेता जाएंगे कैलाश मानसरोवर, ट्विटर पर बताया
अब कांग्रेस के एक और दिग्गज नेता कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाने की योजना बना रहे हैं। कांग्रेस नेता ने ट्विटर के जरिए कैलाश मानसरोवर यात्रा की अपनी इच्छा जाहिर की है।
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट आए हैं। राहुल गांधी की कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान भाजपा और कांग्रेस में जमकर सियासी घमासान भी छिड़ा। केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने राहुल की कैलाश यात्रा की तस्वीर को फोटोशॉप बताया तो कांग्रेस ने जवाब में वीडियो जारी कर दिया। अब कांग्रेस के एक और दिग्गज नेता कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाने की योजना बना रहे हैं। कांग्रेस नेता ने ट्विटर के जरिए कैलाश मानसरोवर यात्रा की अपनी इच्छा जाहिर की है।
'मुझे भी यात्रा करनी चाहिए'
राहुल गांधी के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाने की इच्छा जाहिर की है। दिग्विजय सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल पर कैलाश मानसरोवर झील की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है, 'मानसरोवर, मुझे भी यह यात्रा करनी चाहिए, हो सकता है अगले साल।' इससे पहले पिछले दिनों ही दिग्विजय सिंह ने अपनी पत्नी के साथ मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी की परिक्रमा पूरी की थी।
ये भी पढ़ें- 2019 से पहले AAP का बड़ा दांव, यूपी को 4 प्रदेशों में बांटने के लिए छेड़ेगी आंदोलन
राहुल की फोटो पर मचा घमासान
गौरतलब है कि हाल ही में राहुल गांधी अपनी कैलाश मानसरोवर की यात्रा से लौटे हैं। राहुल गांधी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाने की इच्छा जाहिर की थी। इसके बाद जब राहुल यात्रा पर गए तो काफी विवाद भी हुआ। दरअसल, राहुल ने अपनी यात्रा की तस्वीरें ट्वीट की थी, जिन्हें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने फोटोशॉप बताया। हालांकि वो फोटो वास्तविक थी और बाद में कांग्रेस ने राहुल की कैलाश मानसरोवर यात्रा का वीडियो भी जारी किया।
खाने पर भी हुआ था विवाद
इसके अलावा कैलाश मानसरोवर की यात्रा के दौरान कथित तौर पर नेपाल के एक रेस्टोरेंट में राहुल के नॉनवेज खाने पर भी विवाद हुआ था। हालांकि इस खबर की पुष्टि नहीं हो पाई थी। इस मामले में रेस्टोरेंट मालिक और वेटर ने अलग अलग जानकारी दी थी। आपको बता दें कि राहुल गांधी 9 सितंबर की रात को ही कैलाश मानसरोवर की यात्रा से लौटे हैं।
ये भी पढ़ें- मनमोहन के गवर्नर रहे रघुराम ने बताया कब हुई यूपीए में बैंकों की खुली लूट