लोकसभा चुनाव के बाद अब जानिए किन 6 राज्यों में हैं विधानसभा चुनाव
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के साथ अगर आपको लगता है कि चुनावी समर खत्म हो गया है तो आप गलत है। अगले 18 महीनों में देश के छह अहम राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, लिहाजा एक बार फिर से चुनावी शोरगुल आपको देखने को मिलेगा। जिन छह राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं उनमे हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड, जम्मू कश्मीर, दिल्ली और बिहार है। तीन राज्य हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं, जबकि बाकी के तीन राज्यों में अगले वर्ष चुनाव होंगे।

जम्मू में भी इसी साल हो सकते हैं चुनाव
माना जा रहा है कि हरियाणा और महाराष्ट्र के साथ ही जम्मू कश्मीर के चुनाव भी कराए जा सकते हैं। जिस तरह से हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की उसके बाद पार्टी विधानसभा चुनाव में भी इसी परिणाम को दोहराने की कोशिश करेगी। जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं उनमे से ज्यादातर राज्यों में भाजपा की सरकार है, लिहाजा पार्टी लोकसभा चुनाव में बंपर जीत के बाद इन राज्यों में भी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। साथ ही जिन राज्यों में पार्टी की सरकार नहीं है वहां उसकी कोशिश होगी की सत्ता में एक बार फिर से वापसी करे।

हरियाणा में दोबारा सत्ता में वापसी की चुनौती
हरियाणा और महाराष्ट्र दोनों ही राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की अगुवाई में पार्टी ने सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज की है। इससे पहले 2014 में भाजपा को 7 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि आईएनएलडी को दो और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली थी। हरियाणा में आईएनएलडी का दो गुटों में बंटवारा होने के बाद भाजपा को इस लोकसभा चुनाव में इसका लाभ मिला है। आईएनएलडी से अलग होकर जेजेपी अलग पार्टी बन गई है।

महाराष्ट्र में अहम मुकाबला
वहीं महाराष्ट्र की बात करें तो यहां पर शिवसेना के साथ मिलकर भाजपा की सरकार चल रही है। दोनों ही दलों ने इस बार लोकसभा चुनाव में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। यहां पर भाजपा ने 23 सीटों पर तो शिवसेना ने 18 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। पिछले चुनाव में यहां कांग्रेस ने दो और एनसीपी ने चार सीटें जीती थीं। लेकिन इस बार कांग्रेस सिर्फ एक ही सीट पर जीत दर्ज कर सकी। जबकि शिवसेना ने चार सीटों पर जीत दर्ज की है। झारखंड में भी इसी वर्ष चुनाव हो सकते हैं। यहां भाजपा ने 14 में से 11 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की है, पिछले चुनाव में भाजपा को यहां 12 सीटों पर जीत मिली थी।

दिल्ली का मुकाबला दिलचस्प
इन सब से अलग दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव पर इस बार हर किसी की नजर रहेगी। पिछले लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी भाजपा ने यहां की सभी 7 लोकसभा सीटों पर क्लीन स्वीप किया है। वहीं विधानसभा की बात करें तो आप के खाते में 70 में से 67 सीटें गई थीं, कांग्रेस यहां अपना खाता भी नहीं खोल सकी थी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली के विधानसभा चुनाव में क्या आम आदमी पार्टी पिछले प्रदर्शन को दोहरा पाती है या फिर कुर्सी को बचाना पार्टी के लिए मुश्किल साबित होगा।












Click it and Unblock the Notifications