आखिर क्या है नीतीश की प्लानिंग? लालू-राहुल के बाद सीताराम येचुरी से मुलाकात, दिया ये बड़ा बयान
नई दिल्ली 6 सितंबर: हाल ही में नीतीश कुमार ने एनडीए गठबंधन से अलग होने का फैसला किया था, जिसके बाद उन्होंने महागठबंधन के साथ मिलकर बिहार में नई सरकार बनाई। राजनीतिक विशेषज्ञों ने उसी वक्त दावा कर दिया था कि नीतीश कुमार खुद को 2024 में पीएम पद के दावेदार के रूप में पेश कर रहे हैं, लेकिन जेडीयू इससे इनकार करती रही। अब नीतीश के दिल्ली दौरे ने इस बात पर मुहर लगा दी है कि वो 2024 के लिए विपक्षी दलों को एकजुट करने में लगे हुए हैं।

Recommended Video
नीतीश कुमार मंगलवार सुबह सीपीआई (एम) नेता सीताराम येचुरी के दफ्तर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इस दौरान बिहार के साथ देश के राजनीतिक हालात पर भी चर्चा हुई। मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए नीतीश ने कहा कि हम साथ हैं, इसलिए यहां आ रहा हूं। हमने ये चर्चा की है कि अगर वाम दल, क्षेत्रीय पार्टियां और कांग्रेस साथ आते हैं, तो ये बहुत बड़ा मामला होगा। उन्होंने फिर दोहराया कि वो पीएम पद के दावेदार नहीं हैं और उनकी ऐसी कोई इच्छा नहीं है।
राहुल और कुमारस्वामी से भी की मुलाकात
वहीं सोमवार को राहुल गांधी गुजरात के दौरे पर थे। शाम को जब वो लौटे तो नीतीश कुमार ने दिल्ली में उनसे मुलाकात की। ये मुलाकात करीब एक घंटे तक चली। नीतीश कुमार ने बिहार सरकार में समर्थन को लेकर राहुल गांधी को शुक्रिया भी कहा और भारत जोड़ो यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद वो कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी से मिले। इन दो मुलाकातों से पहले उन्होंने पटना में लालू यादव से भी लंबी बातचीत की थी।
पीएम बनने का लक्ष्य नहीं- नीतीश
दिल्ली में लगातार विपक्षी दलों के नेताओं की मुलाकात से साफ हो चुका है कि नीतीश 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में लगे हैं। सोमवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मेरी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा नहीं है। बस मैं इतना चाहता हूं कि विपक्ष एक साथ आए और बीजेपी के खिलाफ खड़ा हो। विपक्ष एक साथ आएगा तो अच्छा होगा।












Click it and Unblock the Notifications