शिवसेना के साथ राजनीति में दूसरी पारी की शुरुआत करेंगी उर्मिला मातोंडकर, सोमवार को लेंगी सदस्यता
नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर एक बार फिर राजनीति में एक्टिव हो गई हैं। पिछले वर्ष 2019 में कांग्रेस के टिकट से लोकसभा चुनाव लड़ने वालीं उर्मिला मातोंडकर अब शिवसेना से जुड़कर राजनीति में अपनी दूसरी पारी शुरू करने जा रही हैं। बताया जा रहा है कि उर्मिला कल यानी सोमवार को शिवसेना की सदस्यता ले सकती हैं। बता दें कि शिवसेना में उनके शामिल होने के कयास पहले ही लगाए जा रहे थे, महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार ने विधान परिषद का सदस्य बनाने के लिए अभिनेत्री का नाम राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के पास भेजा था।
Recommended Video

बता दें कि महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से अलग होने के बाद शिवसेना ने कांग्रेस और एनसीपी के साथ गठबंधन कर राज्य में महा विकास अघाड़ी सरकार का गठन किया। विधान परिषद की सदस्यता के लिए तीनों ही पार्टियों की तरफ से 4-4 नेताओं के नाम की सूची राज्यपाल कोश्यारी के पास भेजा गया था। 12 नेताओं की लिस्ट में शिवसेना की तरफ से दिया गया एक नाम बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर का था। इसके बाद से ही अभिनेत्री के शिवसेना में शामिल होने के कयास लगाए जाने लगे थे।
यह भी पढ़ें: मुंबई की बत्ती गुल, कंगना ने शेयर की संजय राउत और बुलडोजर की तस्वीर,कहा- 'क-क-क......'
गौरतलब है कि देश की राजनीति में अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर की ये दूसरी पारी है। इससे पहले उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का दामन थामा और पार्टी की टिकट पर मुंबई की सीट से चुनाव लड़ा। हालांकि इस चुनाव में उर्मिला मातोंडकर को बीजेपी उम्मीदवार गोपाल शेट्टी से शिकस्त का सामना करना पड़ा। लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद उर्मिला ने राजनीति से दूरी बना ली और एक साल से अधिक समय तक उनकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। इस बीच खबर आई कि उर्मिला मातोंडकर ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है।












Click it and Unblock the Notifications