संजय दत्त को सांस लेने में तकलीफ, मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली: बॉलीवुड के लिए साल 2020 बहुत ही बुरा जा रहा है। इस साल कई दिग्गज एक्टर्स का निधन हुआ, तो कई गंभीर रूप से बीमार पड़े। शनिवार को बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त की भी तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। साथ ही फैन्स उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक संजय दत्त को शनिवार शाम अचानक से सांस लेने में दिक्कत होने लगी। जिस पर तुरंत उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल ले जाया गया। कोरोना के लक्षणों में भी सांस लेने में तकलीफ शामिल है, ऐसे में सबसे पहले उनकी कोविड-19 जांच करवाई गई, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। डॉक्टरों के मुताबिक किसी अन्य वजह से सांस लेने में दिक्कत हुई होगी, फिलहाल उनकी हालत अब सही बताई जा रही है। उन्हें अभी डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
अस्पताल में भर्ती होने के बाद संजय दत्त ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मैं सभी को ये बताना चाहता हूं कि मैं अभी डॉक्टरों की निगरानी में हूं। मेरी कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। लीलावती अस्पताल के डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से मैं जल्द ठीक हो जाऊंगा और एक-दो दिन में अपने घर पर होऊंगा।
दुबई में है परिवार
आपको बता दें कि संजय दत्त का परिवार इस समय उनके साथ नहीं है। लॉकडाउन से पहले मान्यता दत्त अपने दोनों बच्चों को लेकर दुबई गई थीं। इसी बीच कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन लागू हो गया। जिस वजह से वो अभी तक दुबई में ही हैं। संजय दत्त ने लॉकडाउन में अपनी फैमली को मिस किया, साथ ही इसको लेकर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट भी लिखी थीं।
बच्चन परिवार भी हुआ था बीमार
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले सदी के महानायक अमिताभ बच्चन भी कोरोना से संक्रमित हो गए थे। उनके साथ ही अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय और आराध्या बच्चन की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद उन्हें नानावटी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अमिताभ, ऐश्वर्या और आराध्या तो पहले ही डिस्चार्ज हो गए थे, लेकिन अभिषेक बच्चन को शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिली। जिस पर बिग बी ने ट्वीट कर खुशी जाहिर की।












Click it and Unblock the Notifications