चेन्नई: साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत हेल्थ चेकअप के लिए अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर: साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत को गुरुवार शाम चेन्नई के कावेरी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। शुरू में उनके बीमार होने की खबर आ रही थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने इसे रूटीन हेल्थ चेकअप का मामला बताया है। रजनीकांत को किडनी से जुड़ी कई समस्याएं हैं, साथ ही 2016 में अमेरिका के एक अस्पताल में उनका किडनी ट्रांसप्लांट भी हुआ था। वहीं उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर से फैन्स परेशान हैं, साथ ही वो उनके जल्द स्वस्थ्य होने की दुआ कर रहे।

रजनीकांत के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से उनके करीबी और फैन्स काफी परेशान थे। जिसके बाद कई लोगों ने उनकी पत्नी लता रजनीकांत से संपर्क किया। लता के मुताबिक अस्पताल में सिर्फ उनका रूटीन मेडिकल चेकअप होगा। वो शुक्रवार को डिस्चार्ज हो जाएंगे। ऐसे में परेशान होने की जरूरत नहीं है। वहीं अस्पताल की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है, क्योंकि बहुत से फैन्स उसके सामने इकट्ठा हो रहे थे।
दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित
हाल ही में रजनीकांत को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके बाद बुधवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। दोनों के साथ की तस्वीर रजनीकांत ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की थी। उन्होंने लिखा कि दोनों की शुभकामनाएं पाकर वो खुश हैं। उनके साथ पत्नी लता भी थीं।
सेहत की वजह से राजनीति से दूरी
आपको बता दें कि इस साल तमिलनाडु में विधानसभा के चुनाव हुए। जिसमें रजनीकांत ने उतरने का पूरा मन बना लिया था, लेकिन डॉक्टर बार-बार उन्हें राजनीति से दूर रहने की सलाह देते रहे। इसके पीछे की वजह किडनी ट्रांसप्लांट को बताई गई। डॉक्टरों के मुताबिक रजनी का स्वास्थ्य तो सामान्य है, लेकिन इम्यूनिटी कमजोर। इसके बाद उन्होंने अपना फैसला वापस ले लिया था।












Click it and Unblock the Notifications