'मैं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देता हूं ', अभिजीत दीपके ने मोहन यादव सरकार पर क्यों कसा तंज?
Abhijeet Dipke On Mohan Yadav Government: मध्य प्रदेश में आदिवासी बच्चों की मौत का मामला लगातार सुर्खियों में है। इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक व्यंग्यात्मक 'इस्तीफा पत्र' साझा कर मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार पर निशाना साधा है।
दीपके ने अपने पोस्ट में खुद को मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बताते हुए लिखा कि वह तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। हालांकि, वह मुख्यमंत्री नहीं हैं। यह पत्र दरअसल राज्य सरकार की कथित नाकामियों पर सवाल उठाने के लिए व्यंग्य के तौर पर पोस्ट किया गया था। यह पोस्ट बालाघाट में उनके दौरे के दौरान हुए विरोध के एक दिन बाद सामने आया। दीपके जिले के उन गांवों में गए थे, जहां आदिवासी समुदाय के 30 से अधिक बच्चों की मौत की खबर सामने आई है।

'मैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देता हूं...'
अभिजीत दीपके ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल को संबोधित करते हुए एक ऐसा पत्र पोस्ट किया, जिसे मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक दस्तावेज जैसा दिखाने की कोशिश की गई थी। पत्र में उन्होंने लिखा कि वह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी व्यंग्यात्मक अंदाज में धन्यवाद किया कि उन्होंने उन्हें मध्य प्रदेश की जनता की सेवा करने का अवसर दिया।
दीपके ने पत्र में बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत को लेकर 'नैतिक जिम्मेदारी' लेने का कटाक्ष किया। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, पेयजल, शिक्षा, पोषण और आदिवासी समुदाय से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि बालाघाट में 30 से अधिक आदिवासी बच्चों की मौत के बाद उनका विवेक उन्हें इस 'कुर्सी' पर बने रहने की इजाजत नहीं देता।
मुआवजे को लेकर भी सरकार पर सवाल
दीपके ने बच्चों की मौत के बाद पीड़ित परिवारों को दिए गए मुआवजे को लेकर भी सरकार को घेरा। उनके मुताबिक, आदिवासी समुदाय के विरोध के बाद मुआवजे की शुरुआती राशि को 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 4 लाख रुपये किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर मरने वाले बच्चे मंत्रियों या विधायकों के परिवार से होते, तो क्या सरकार इतनी ही राशि को पर्याप्त मानती? उन्होंने बच्चों की मौत के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं में जिम्मेदारी केवल निचले स्तर के अधिकारियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए।
बालाघाट दौरे के दौरान क्यों हुआ विवाद?
व्यंग्यात्मक इस्तीफे से एक दिन पहले दीपके बालाघाट के कुछ गांवों के दौरे पर थे। उनका उद्देश्य कथित तौर पर उन आदिवासी परिवारों से मिलना और स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति को समझना था, जिनके बच्चों की मौत हुई है। इसी दौरान उनका सामना कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से हुआ। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें एक महिला दिपके की कार के पास पहुंचकर उनसे सवाल करती नजर आ रही है। महिला ने कथित तौर पर पूछा कि क्या वह 'लाशों पर राजनीति करने' के लिए इलाके में आए हैं और इतनी देर से गांव पहुंचने का कारण क्या है। दीपके को वीडियो में इलाके में देर से पहुंचने के लिए माफी मांगते हुए सुना जा सकता है। इसके बाद उनके साथ मौजूद लोगों ने उन्हें दूसरी कार में बैठाया और वहां से रवाना कर दिया। वीडियो में महिला को यह कहते हुए भी सुना गया कि 'वह भाग गया।' हालांकि, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स वहां किस वजह से मौजूद थे और क्या उन्हें दीपके के दौरे का विरोध करने के लिए भेजा गया था, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
किन गांवों में पहुंचे थे दीपके?
दीपके ने 12 सितंबर को बालाघाट के अदोरी, कोरका और बोंडारी गांवों का दौरा किया था। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और इलाके में स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की। इस दौरान सामने आए विरोध ने राजनीतिक और सामाजिक बहस को भी तेज कर दिया।
30 से ज्यादा बच्चों की मौत का मामला क्या है?
बालाघाट में बैगा और गोंड आदिवासी समुदायों के 30 से अधिक बच्चों की मौत का मामला जांच के दायरे में है। रिपोर्टों में इन मौतों का संबंध खसरा और मलेरिया जैसी बीमारियों के संभावित प्रकोप से जोड़ा गया है। हालांकि, मौतों की वास्तविक वजह और स्वास्थ्य व्यवस्था की भूमिका को लेकर जांच जारी है। मामला अब मध्य प्रदेश हाईकोर्ट भी पहुंच चुका है। अदालत ने मामले से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य के स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बालाघाट कलेक्टर समेत संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है।
याचिका में इलाके की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। इसमें दावा किया गया है कि करीब 400 बच्चों के इलाज के लिए महज 50 बेड की क्षमता वाला अस्पताल उपलब्ध है। इसके अलावा पेयजल, स्वच्छता और कुपोषण से निपटने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं।
सागर जहरीली शराब कांड का भी जिक्र
अभिजीत दिपके ने अपने व्यंग्यात्मक इस्तीफे में मध्य प्रदेश की अन्य घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने सागर में हुई जहरीली शराब त्रासदी को लेकर भी मोहन यादव सरकार पर निशाना साधा। इस घटना में 16 लोगों की मौत का दावा किया गया था। दिपके ने राज्य सरकार की जवाबदेही और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करते हुए इन घटनाओं को अपने व्यंग्यात्मक पत्र का हिस्सा बनाया। फिलहाल बालाघाट में बच्चों की मौत का मामला न्यायिक और प्रशासनिक जांच के दायरे में है। ऐसे में आने वाले दिनों में जांच और अदालत की कार्यवाही से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि मौतों के पीछे वास्तविक कारण क्या था और इसके लिए जिम्मेदारी किस स्तर पर तय होती है।


Click it and Unblock the Notifications
