'हम सिर्फ चुनाव लड़ने नहीं आए',अभिजीत दीपके ने खोला कॉकरोच पार्टी की असली रणनीति,अब हुआ फाइनल क्या करना है?

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने अपने आंदोलन को लेकर बड़ा प्लान सामने रखा है। उनका कहना है कि उनकी राजनीति का दायरा सिर्फ चुनाव लड़ने या कोई राजनीतिक दल बनाने तक सीमित नहीं है। वह इससे आगे जाकर ऐसा बदलाव चाहते हैं, जिसमें आम लोग अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें और सत्ता में बैठी सरकार से जवाब मांग सकें।

हाल ही में बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में अभिजीत दीपके ने अमेरिका से भारत लौटने के फैसले, कॉकरोच आंदोलन की शुरुआत और आगे की रणनीति पर बात की। उन्होंने कहा कि अब जब वह इस लड़ाई में उतर चुके हैं, तो आंदोलन को लगातार सक्रिय रखने की कोशिश कर रहे हैं।

Abhijeet Deepke Cockroach Janata Party future Plan

सोशल मीडिया से शुरू हुआ कॉकरोच जनता पार्टी का सफर

मई में देश के मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी के बाद 30 साल के अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत की थी। शुरुआत में यह पहल तंज के तौर पर सामने आई थी। लेकिन कुछ ही समय में बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़ने लगे।

धीरे-धीरे यह सोशल मीडिया अभियान एक बड़े आंदोलन की शक्ल लेने लगा। दीपके को भी इस मुहिम के चलते पहचान मिली। इसके बाद वह अमेरिका से भारत लौटे और कॉकरोच जनता पार्टी के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शन में भी सक्रिय नजर आए।

'देश के लिए खतरा' वाला टैग क्यों चुभा?

अभिजीत दीपके ने इंटरव्यू में बताया कि सरकार की ओर से उन्हें 'देश के लिए खतरा' और 'एंटी नेशनल' जैसे टैग दिए जाना उन्हें काफी परेशान करने वाला था। उनका कहना है कि इसी वजह से उनके परिवार और वकील ने उन्हें भारत वापस नहीं जाने की सलाह दी थी।

इसके बावजूद दीपके ने अमेरिका से भारत लौटने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि जब उन्हें अपनी ही सरकार की तरफ से राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया गया, तो उन्हें यह बात अंदर तक लगी। इसके बाद उन्होंने तय किया कि वह वापस भारत जाकर खुद साबित करेंगे कि वह देश के लिए खतरा नहीं हैं।

अभिजीत दीपके ने कहा,

"जब मेरी सरकार ने ही मुझे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया, तब मैंने वापस भारत आने का फैसला किया। मुझे यह बात बहुत दुख पहुंचाने वाली लगी। अगर मैं विदेश में हूं, तो क्या मेरी सरकार को मेरे साथ खड़ा नहीं होना चाहिए?"

उन्होंने आगे कहा,

"मैंने सोचा कि मुझे अपने देश लौटना चाहिए और लोगों को दिखाना चाहिए कि मैं देश की सुरक्षा के लिए कोई खतरा नहीं हूं। मैं भारत से प्यार करता हूं, लेकिन देश से प्यार करने का मेरा तरीका सरकार की सोच से अलग हो सकता है।"

पेपर लीक के बाद अब 'स्कूल ठीक करो' अभियान

कॉकरोच जनता पार्टी ने पेपर लीक आंदोलन के बाद अपना फोकस 'स्कूल ठीक करो' अभियान पर किया है। इस मुहिम के जरिए पार्टी से जुड़े लोग सरकारी स्कूलों की हालत और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं। यही बदलाव दीपके की आगे की रणनीति का भी संकेत देता है। उनका दावा है कि आंदोलन को केवल किसी एक मुद्दे तक रोकना उनका मकसद नहीं है। वह इसे ऐसे मंच के तौर पर देख रहे हैं, जहां आम लोग सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठा सकें।

चुनाव नहीं, उससे आगे जाने का प्लान क्या है?

जब अभिजीत दीपके से उनके अगले कदम के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने साफ किया कि वह कॉकरोच जनता पार्टी को सिर्फ चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं करना चाहते। उनके मुताबिक राजनीति को सिर्फ चुनाव और राजनीतिक दलों के नजरिए से देखने की जरूरत नहीं है।

अभिजीत दीपके ने कहा,

"लोगों ने राजनीति को चुनाव और राजनीतिक दलों तक सीमित कर दिया है। हम इस दायरे से आगे जाना चाहते हैं।" उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, "हमारा मकसद केवल चुनाव लड़ना नहीं है। हम ऐसा बदलाव चाहते हैं, जिसमें लोग अपने अधिकार और जिम्मेदारियां समझें। साथ ही उन्हें यह भी पता हो कि सत्ता में चाहे कोई भी पार्टी हो, उससे जवाब कैसे मांगा जाए और उसकी जवाबदेही कैसे तय की जाए।"

अभिजीत दीपके के बयान से CJP की आगे की दिशा क्या दिखती है?

अभिजीत दीपके के इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि कॉकरोच जनता पार्टी खुद को केवल चुनावी मंच के रूप में पेश करने के बजाय आंदोलन और जन-जवाबदेही के मंच के तौर पर आगे बढ़ाना चाहती है। पहले पेपर लीक का मुद्दा, फिर 'स्कूल ठीक करो' अभियान और अब चुनावी राजनीति से आगे जाने की बात इसी दिशा की ओर इशारा करती है।

हालांकि, इस मॉडल की असली परीक्षा जमीन पर होगी। सोशल मीडिया से निकले किसी आंदोलन को लंबे समय तक सक्रिय रखना आसान नहीं होता। उसे लगातार मुद्दे, संगठन और जनता के बीच मजबूत पकड़ की जरूरत होती है। अब देखना यह होगा कि अभिजीत दीपके और कॉकरोच जनता पार्टी अपने इस नए प्लान को किस तरह जमीन पर उतारते हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+