'मेरे लहजे में जी-हुजूर न था, इससे ज्यादा मेरा कसूर न था'- कुमार विश्वास
कुमार विश्वास ने ट्वीट कर इशारों में कहा था कि यहां कटप्पा बदले जाते हैं, बाहुबली वही रहता है।
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास आजकल जहां जा रहे हैं उनसे बस एक ही सवाल पूछा जा रहा है आखिर उनको राज्यसभा का टिकट क्यों नहीं मिला। ऐसे ही एक सवाल का जवाब कुमार विश्वास ने शायराना अंदाज में दिया है। उन्होंने शायराना अंदाज में जवाब देते हुए कहा, 'मेरे लहजे में जी-हुजूर न था, इससे ज्यादा मेरा कसूर न था' कुमार विश्वास ने बाद में ट्विटर पर भी यह शेर शेयर किया। कुमार के मुताबिक उन्हें चापलूसी ना करने की सजा मिली है।

'मुझे चापलूसी नहीं आती'
कुमार विश्वास ने राज्य सभा टिकट बंटवारे को लेकर इशारों-इशारों में पार्टी संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर फिर कटाक्ष किया है। विश्वास ने केजरीवाल पर शायराना अंदाज में निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें राज्य सभा उम्मीदवार इसलिए नहीं बनाया गया, क्योंकि वह चापलूसी करना नहीं जानते। इससे पहले केजरीवाल कैबिनेट में मंत्री गोपाल राय के सियासी वार के बाद पलटवार करते हुए कुमार विश्वास ने कहा था कि मेरे 'शव' के साथ छेड़छाड़ ना करें।उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और गोपाल राय पर इशारों-इशारों पर निशाना साधते हुए कहा, 'मुझे पता है इस माहिष्मति की शिवगामी कोई और है। हर बार नए कटप्पा को पेश किया जाता है।'

'यहां कटप्पा बदले जाते हैं'
कुमार विश्वास ने ट्वीट कर इशारों में कहा था कि यहां कटप्पा बदले जाते हैं, बाहुबली वही रहता है। उन्होंने ट्वीट पर कहा माहिष्मती की शिवगामी देवी कोई और है जो बाहुबली को मारने के लिए हर बार कट्टप्पा बदलती रहती है। इस ट्वीट के कई मायने निकाले जा रहे हैं। उधर आज गोपाल राय ने टीवी पर एक इंटरव्यू में कहा कि विश्वास को पार्टी राज्यसभा भेजने के लिए तैयार थी लेकिन कुमार विश्वास की पार्टी विरोध गतिविधियों ने असहज कर रखा था।

कुमार पर 'आप' ने नहीं किया 'विश्वास'
आम आदमी पार्टी ने बुधवार को संजय सिंह, व्यापारी सुशील गुप्ता व चार्टर्ड अकांउटेंट एन.डी.गुप्ता को दिल्ली की तीन राज्यसभा सीटों के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था। जिसके बाद से कुमार विश्वास पार्टी के खिलाफ हमलावर हैं। विश्वास ने कई दफे राज्यसभा जाने की इच्छा जाहिर की थी। लेकिन पार्टी ने उनपर 'विश्वास' नहीं जताया।












Click it and Unblock the Notifications