AAP विधायक आतिशी ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को दी लिखित शिकायत, बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी पर लगाया गंभीर आरोप
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी मार्लेना ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। इसमें उन्होंने कथित तौर पर सांसद रमेश बिधूड़ी के सहयोगियों की ओर से की जा रही हिंसा पर दिल्ली पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाया गया। इससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा अराजकता पर उतारू है। भाजपा के लोग कहीं आप कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करते हैं तो कहीं उगाही के लिए ठेकेदार को मारते-पीटते हैं।

उन्होंने भाजपा से सांसद रमेश बिधूड़ी को पार्टी से निलंबित करने की मांग की है। आतिशी ने पार्टी मुख्यालय में आप कार्यकर्ता जीतू सैनी और ठेकेदार सुधीर बिधूड़ी को साथ लेकर प्रेसवार्ता की। आतिशी ने कहा कि कुछ दिन पहले उन लोगों ने दक्षिणी दिल्ली से भाजपा सांसद बिधूड़ी के खिलाफ प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के बाद सांसद के भतीजे मनीष ने पहले जीतू को धमकी दी। इसके बाद अपने साथियों के साथ प्रहलादपुर में मित्तल कालोनी स्थित उनके घर गए और मारपीट की। शिकायत दिए हुए 2 दिन हो गए हैं, लेकिन पुलिस ने एफआइआर दर्ज नहीं की है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी मार्लेना ने भाजपा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर बड़ा आरोप लगाया था। मनीष सिसोदिया के घर पर हुए कथित हमले को लेकर उन्होंने कहा था कि जब दिल्ली के डिप्टी सीएम अपने घर पर नहीं थे, तब पुलिस के संरक्षण में भाजपा के गुंडों को भेजकर उनके परिवार को मारने का प्रयास किया गया। आतिशी मार्लेना ने आगे सवाल करते हुए कहा था कि क्या अमित शाह भारतीय जनता पार्टी के गुंडों को भेजकर सारे आम आदमी पार्टी के नेताओं के परिवार वालों और घरवालों पर हमला कराएंगे। क्योंकि एक तरफ उनके पास भारतीय जनता पार्टी के गुंडे हैं और दूसरी तरफ अमित शाह जी के पास दिल्ली पुलिस है।












Click it and Unblock the Notifications