Raghav Chadha Video Viral Ghayal Hun Tabhi Ghatak Hun: आम आदमी पार्टी (AAP) सांसद को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद सियासत गरमा गई है। सोशल मीडिया पर पार्टी और राघव के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। ठीक 5 राज्यों के चुनावों से पहले AAP की यह आंतरिक लड़ाई सुर्खियों में है।
इसी बीच AAP नेता और पंजाबी एक्ट्रेस सोनिया मान की एंट्री ने इस विवाद को और बड़ा बना दिया। उन्होंने खुलेआम राघव चड्ढा पर सवाल उठाए, तो राघव ने 24 घंटे के अंदर तीखा पलटवार किया। फिल्मी डायलॉग को कैश करते हुए उन्होंने कहा- 'घायल हूं, तभी घातक हूं'। आइए पूरा मामला 360 डिग्री में समझते हैं कि सोनिया मान ने क्या कहा, राघव ने कैसे जवाब दिया और आखिर सोनिया मान कौन हैं?
सोनिया मान का हमला: 'जो डर गया, वो मर गया'
AAP नेता और पंजाबी एक्ट्रेस सोनिया मान ने वीडियो जारी कर राघव चड्ढा पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 'जो डर गया वो मर गया। संसद में आप बहुत सॉफ्ट मुद्दे उठाते हैं। एयरपोर्ट पर समोसे की बात? क्या इसलिए राज्यसभा सदस्य बनाया गया था?'
'पंजाब का प्रतिनिधित्व करते हो, लेकिन किसानों का मुद्दा, MSP, बीजेपी द्वारा रोके गए पैसे की बात क्यों नहीं की? मोदी जी नाराज न हो जाएं, इस डर से?'
'आप कहते हो AAP आपको बोलने से रोक रही है? अरे, अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी को उठाकर मंत्री बना दिया, लोकसभा टिकट दी। इतने फेमस थे तो क्यों नहीं जीते? कुछ शर्म करो राघव चड्ढा!' सोनिया का वीडियो AAP के अंदरूनी तनाव को और भड़का रहा है।
सोनिया मान सिर्फ एक राजनेता ही नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री का भी जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने पंजाबी, हिंदी, तेलुगु और मलयालम फिल्मों में काम किया है। उनका जन्म उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुआ, जबकि परवरिश पंजाब के अमृतसर में हुई। उनके पिता बलदेव सिंह मान किसान नेता थे, जिनकी हत्या 1986 में कर दी गई थी। साल 2025 में उन्होंने Aam Aadmi Party जॉइन की थी, जहां उन्होंने पंजाब और सामाजिक मुद्दों पर काम करने की बात कही थी।
राघव चड्ढा का करारा जवाब: 'घायल हूं, तभी घातक हूं'
एक दिन बाद राघव चड्ढा ने वीडियो जारी किया। उन्होंने साफ कहा कि 'मैं बोलना नहीं चाहता था, लेकिन झूठ को 100 बार दोहराया जाए तो कुछ लोग उसे सच मान लेते हैं।' राघव ने AAP के तीनों आरोपों को एक-एक करके खारिज किया:-
1. वॉकआउट का आरोप: AAP कह रही है कि विपक्ष वॉकआउट करता है तो राघव बैठे रह जाते हैं।
राघव का जवाब: 'सफेद झूठ! एक भी वाकया बताओ, जब विपक्ष के वॉकआउट का साथ मैंने न दिया हो। सदन में CCTV लगा है, फुटेज दिखा दो, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।'
2. CEC महाभियोग पर साइन न करने का आरोप:
राघव का जवाब: 'किसी भी AAP नेता ने मुझे औपचारिक या अनौपचारिक रूप से साइन करने को कहा ही नहीं। AAP के 10 राज्यसभा सांसदों में से 6-7 ने खुद साइन नहीं किए। फिर सारा दोष मुझे क्यों? विपक्ष के 50 सांसदों के साइन से याचिका पूरी हो जाती है, तो इतना शोर क्यों?'
3. 'डर गए हो, इसलिए बेकार मुद्दे उठाते हो' का आरोप:
राघव का जवाब: 'मैं सदन में शोर मचाने, माइक तोड़ने या गाली देने नहीं गया। मैं जनता के मुद्दे उठाने गया हूं। GST, इनकम टैक्स, पंजाब का पानी, दिल्ली की हवा, मध्यम वर्ग पर टैक्स, पितृत्व अवकाश, परीक्षा पेपर लीक, वायु प्रदूषण, गिग वर्कर्स के अधिकार... मैंने ये सब उठाए हैं। 4 साल का रिकॉर्ड देख लीजिए। मैं इम्पैक्ट क्रिएट करने गया हूं, हंगामा मचाने नहीं।' राघव ने आखिर में कहा, 'हर झूठ को बेनकाब किया जाएगा। क्योंकि मैं घायल हूं, इसीलिए घातक हूं।'
5 राज्यों के चुनावों के बीच क्यों गरमा गया मामला?
असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में चुनाव सिर पर हैं। ऐसे में AAP की यह आंतरिक कलह पार्टी के लिए बड़ा सवाल बन गई है। राघव चड्ढा अभी AAP में हैं, लेकिन पार्टी के साथ उनका रिश्ता तनावपूर्ण है। सोनिया मान का हमला और राघव का पलटवार दिखा रहा है कि AAP में पावर स्ट्रगल गहरा रहा है। आप क्या सोचते हैं? राघव चड्ढा सही कह रहे हैं या AAP का आरोप सही है? कमेंट में अपनी राय जरूर बताएं!