Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में मौसम ने ली करवट, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश
Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को आखिरकार मौसम ने कुछ राहत दी है। 2 मई की सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, यूपी और हरियाणा के कई हिस्सों में तेज बारिश और तेज हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया। अचानक बदले इस मौसम से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
दिल्ली-NCR में तड़के गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। तेज हवाओं और बारिश ने लोगों को झुलसाती गर्मी से राहत दी, हालांकि कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई थी।

यूपी और हरियाणा में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की मानें तो 7 मई तक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मथुरा, आगरा, झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा कुछ जगहों पर बिजली चमकने और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। वहीं, हरियाणा के भी कई हिस्सों में तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं पंजाब के उत्तरी जिलों जैसे पठानकोट और गुरदासपुर में बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिणी पंजाब में लू का असर कमजोर पड़ने की उम्मीद है।
राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल में भी असर
राजस्थान में मौसम का मिजाज मिला-जुला बना रहेगा। पश्चिमी हिस्सों में लू की स्थिति कमजोर होगी, जबकि पूर्वी हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं और हल्की बारिश संभव है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने लगा है। उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बाकी क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में भी ऊपरी इलाकों में बर्फबारी जबकि निचले इलाकों में बारिश हो सकती है।
तीन दिन बाद फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर बना हुआ है, जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। इसके तीन दिन बाद एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मई के पहले सप्ताह तक रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रह सकता है।












Click it and Unblock the Notifications