घर में भाभी लवप्रीत को प्रेमी संग देख देवर ने किया डबल मर्डर, पुलिस को सास ने किया गुमराह
जालंधर। पंजाब के जालंधर जिला के नकोदर के पास गांव आदी में एक प्रेम कहानी का उस समय दर्दनाक अंत हो गया जब विवाहिता और उसके कथित प्रेमी की हत्या कर दी गई। मृतका की एक बेटी भी है। गांव में मातम का माहौल है। पहले सास ने पुलिस को गुमराह किया लेकिन तफ्तीश में असलियत का खुलासा हो गया।

सास ने बेटे को बचाने की कोशिश की
नकोदर के आदी की विवाहिता लवप्रीत कौर की मौत उसके देवर के हाथों ही हुई बताई जा रही है। आरोपी देवर मौके से फरार है और उसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। हलांकि इस मामले पर पर्दा डालने के मकसद से मृतका की सास ने पहले दावा किया था कि कुछ लोग उसके बेटे दविंद्र पर हमला करने आए थे व इस दौरान बहू उसे बचाने के लिए आगे आ गई जिससे हमलावरों द्वारा वार करने से उसकी बहू की मौत हो गई।

पुलिस की तफ्तीश में कुछ और निकला
लेकिन शनिवार देर रात तक जब सदर के एसएचओ जसविंद्र सिंह और चौकी उग्गी के इंचार्ज गगनदीप सिंह सेखों ने मामले की तफ्तीश की तो पता चला कि लवप्रीत कौर की शादी 5 साल पहले तीर्थ सिंह से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद तीर्थ सिंह विदेश चला गया और इस बीच लवप्रीत कौर के गांव के ही आशु के साथ अवैध संबंध बन गए। शनिवार बाद दोपहर को लवप्रीत कौर के साथ घर में आशु को देखकर देवर दविंद्र को गुस्सा आ गया जिसने पहले भाभी के प्रेमी आशु पर तेजधार हथियारों से हमला किया और बाद में अपनी भाभी को भी काट डाला।

सास के खिलाफ भी मामला हो सकता है दर्ज
इस दौरान दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल आशु को जालंधर के प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया और लवप्रीत को सिविल अस्पताल रेफर किया गया था जहां उसकी देर रात मौत हो गई। उसके बाद आशु की भी कुछ देर के बाद मौत हो गई। पुलिस द्वारा पहले मृतका लवप्रीत कौर की सास कश्मीरो के बयानों के आधार पर आशु व उसके साथियों को हत्यारे समझा जा रहा था लेकिन जांच के बाद सच्चाई कुछ और ही निकल रही है। कश्मीरो पर भी पुलिस को गुमराह करने के आरोप में मामला दर्ज किया जा सकता है। दोनों की लाशों को पास्टमॉर्टम के बाद रविवार को परिजनों को सौंपा जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications