अरुणाचल प्रदेश के एक गांव से चीनी सेना ने नाबालिग को उठाया, BJP सांसद ने लगाई मदद की गुहार
नई दिल्ली, जनवरी 19। अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। कभी निर्माण कार्य तो कभी भारतीय सैनिकों के साथ हाथापाई की घटनाओं से चीन लगातार भारत को चुनौती दे रहा है। इस बीच खबर है कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी इलाके सियांग जिले से एक नाबालिग लड़के को अगवा कर लिया है। बीजेपी सांसद तापिर गाओ ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट कर भारतीय एजेंसियों से गुहार लगाई है कि नाबालिग लड़के को जल्द से जल्द वापस लाया जाए।
Recommended Video
भारतीय सीमा में घुसकर चीनी सेना ने उठाया लड़के को
बीजेपी सांसद तापिर गाओ ने अपने ट्वीट में बताया है कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने जिदो गांव के रहने वाले एक 17 साल के लड़के को अगवा कर लिया है। उन्होंने बताया कि चीनी सेना ने भारतीय सीमा में घुसकर लड़के को अगवा किया है। तापिर गाव ने बताया कि यह अपहरण लुंगता जोर एरिया में किया गया। चीन ने 2018 में इस एरिया के 3-4 किलोमीटर तक सड़क बना ली थी। यह इलाका सियुंग्ला के अंडर आता है।
एक लड़का चीनी सेना के चंगुल में फंसने से बचा
तापिर गाओ ने आगे बताया कि इस लड़के का एक दोस्त भी चीनी सेना के चंगुल में आने से बच गया है। उसी ने प्रशासन को बताया है कि उसके दोस्त को चीनी सेना ने उसके गांव से उठा लिया है। चीनी सेना ने जिस लड़के को उठाया है, उसका नाम मिराम तारन बताया जा रहा है। तारन के दोस्त जॉनी यायिंग ने बताया है कि जिदो गांव में चीनी सेना के कुछ अधिकारी घुस आए और उसके दोस्त को उठाकर ले गए। बीजेपी सांसद ने बताया है कि ये घटना जहां हुई है वो इलाका त्सांगपो नदी गुजरती है। आपको बता दें कि त्संगपो नदी को अरुणाचल प्रदेश में सियांग और असम में ब्रह्मपुत्र के नाम से जाना जाता है।
1/2
— Tapir Gao (@TapirGao) January 19, 2022
Chinese #PLA has abducted Sh Miram Taron, 17 years of Zido vill. yesterday 18th Jan 2022 from inside Indian territory, Lungta Jor area (China built 3-4 kms road inside India in 2018) under Siyungla area (Bishing village) of Upper Siang dist, Arunachal Pradesh. pic.twitter.com/ecKzGfgjB7
लड़के को छुड़ाने की कोशिशें जारी
इस घटना को लेकर जिले के डिप्टी कमिश्नर शास्वत सौरभ ने कहा है कि यह लड़का स्थानीय शिकारियों के एक दल में शामिल था। हमें इस बारे में ग्रुप के अन्य सदस्यों से जानकारी मिली है कि उसे भारतीय सीमा के अंदर से चीनी सेना ने किडनैप कर लिया है, हमने इंडियन आर्मी को इस मामले की जानकारी दे दी है, उस लड़के को छुड़ाने की कोशिशें जारी हैं।