दोहा से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट की मुंबई में करानी पड़ी आपात लैंडिंग, एक शराबी बना इसकी वजह
मुंबई, मई 16। कतर की राजधानी दोहा से बेंगलुरु आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में नशे में धुत एक यात्री ने ऐसा उत्पात मचाया की फ्लाइट को इमरजेंसी मुंबई में लैंड करना पड़ा। यह घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, यात्री के खिलाफ पुलिस ने IPC की धाराओं और एविएशन के नियमों के तहत केस दर्ज कर लिया और रविवार को उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां उसे कोर्ट ने जुडिशियल कस्टडी में भेज दिया।

एयर होस्टेस के साथ की बदतमीजी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केरल के रहने वाले सरफुद्दीन उलवर ने दोहा से फ्लाइट का सफर शुरू किया था और उसे बैंगलोर में ही लैंड करना था, लेकिन शराब के नशे में उसने बीच सफर में ही ऐसा हंगामा कर दिया कि फ्लाइट की आपात लैंडिंग करनी पड़ी। पुलिस ने बताया कि इस दौरान सरफुद्दीन ने एयर होस्टेस और अन्य यात्रियों के साथ भी बुरा व्यवहार किया। कुछ यात्रियों के साथ तो उसका झगड़ा ही हो गया। ऐसे में फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
मुंबई एयरपोर्ट पर CISF के जवानों ने फ्लाइट के लैंड होते ही उलवर को हिरासत में ले लिया और बाद में उसे मुंबई पुलिस के हाथों सौंप दिया गया। मुंबई पुलिस ने बाद में सरफुद्दीन के खिलाफ IPC की धारा 336 और एयरक्राफ्ट एक्ट की धारा 22 और 23 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
ये भी पढ़ें: Indian Railways: 50 साल की हुई मुंबई-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, कितनी बदल गई ? जानिए