VIDEO: बच्चे ने जवान को सेल्यूट कर कहा-आप बहुत अच्छा काम करते हो
मुंबई। बाढ़ की विभीषिका झेल रहे देश के कई राज्यों में संकट गहराता जा रहा है। महाराष्ट्र में बाढ़ के चलते 40 लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा है। बाढ़ के चलते महाराष्ट्र के कई अहम मार्गों को बंद करना पड़ा है। महाराष्ट्र में बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक करीब 4 लाख लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। इसी बीच महाराष्ट्र में एक बच्चे का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें बच्चा सेना के एक जवान को धन्यवाद कहता हुआ दिख रहा है। इमोशनल कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
वारयल हुए 11 सेकंड के इस वीडियो में बच्चा वर्दी पहने सेना के जवान से हाथ मिलाकर कहता है, 'आप बहुत अच्छा काम करते हो। इसके बाद वह सेना के जवान को सैल्यूट करता है। जवाब में सेना का जवान बच्चे को धन्यवाद देते हुए उसके सिर पर हाथ फेरता है। वीडियो महाराष्ट्र गांवबाग इलाके का है। बता दें, महाराष्ट्र में बारिश और बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। रविवार को सूबे में बाढ़ के हालात का जायजा लेने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मंत्रालय नियंत्रण कक्ष पहुंचे और अधिकारियों से बातचीत की।
#WATCH A child salutes an Army personnel and tells him "aap bahut accha kaam karte ho", during rescue operations in flood-hit Gaonbagh. #Maharashtra (Source- Defence PRO) pic.twitter.com/ym1RX7TKjA
— ANI (@ANI) August 11, 2019
बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को खाना और राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। रविवार को भारतीय नौसेना ने सूबे के कोल्हापुर और सांगली जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों को खाना, फल और राहत सामग्री बांटी। वहीं पश्चिमी महाराष्ट्र में बाढ़ की स्थिति में सुधार लाने के लिए कर्नाटक में कृष्णा नदी पर अलमाटी बांधी से पांच लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है। अधिकारी ने बताया कि सतारा में कोयना बांध से 53,882 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है क्योंकि उसके तटबंधीय क्षेत्र में अब भी बारिश हो रही है।
महाराष्ट्र के पुणे में डिविजनल कमिश्नर दीपक मैसकर ने बताया कि बाढ़ से पश्चिम महाराष्ट्र में अभी तक 40 लोगों की मौत हुई है। सांगली ब्राह्मनाल बोट दुर्घटना में मृतकों की संख्या 17 हो चुकी है। मृतकों में कोल्हापूर के 6, सांगली के 19, सातारा के 7 लोग शामिल हैं। मैसकर ने बताया कि सांगली, कोल्हापुर में बाढ़ का पानी घट रहा है। कोल्हापुर, पुणे, सोलापुर, सतारा, सांगली, रत्नागिरी, पालघर, रायगढ़ जिलों में स्थिति ज्यादा चिंताजनक है। बाढ़ में फंसे लोगों के बचाने के लिए सेना और एनडीआरएफ की टीमें दिन रात काम कर रही हैं।
शिक्षामित्रों को सुप्रीम कोर्ट से लगा बड़ा झटका, क्यूरेटिव याचिका खारिज