8वें वेतन आयोग के सामने उठीं मांगें, जानें महंगाई भत्ते में बदलाव और बेसिक पे में विलय का नया प्लान
8th Pay Commission Update: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की नजर आठवें वेतन आयोग पर टिकी है। सभी को उम्मीद है कि आयोग की सिफारिशों से वेतन और पेंशन में राहत मिल सकती है। माना जा रहा है कि आयोग अगले साल की पहली छमाही तक अपनी सिफारिशें सरकार को सौंप सकता है।
इस बीच कर्मचारी संगठनों ने महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) को लेकर कुछ अहम मांगें रखी हैं। इनमें हर तीन महीने में DA में बदलाव, इसे बेसिक सैलरी में 25 फीसदी पर मर्ज करने और महंगाई भत्ते को इनकम टैक्स से छूट देने की मांग शामिल है। खास बात यह है कि ये मांगें करीब 20 साल पहले छठे वेतन आयोग के सामने भी रखी गई थीं, लेकिन तब इन्हें मंजूरी नहीं मिली थी।

हर तीन महीने में DA बढ़ाने की मांग
फिलहाल सातवें वेतन आयोग की व्यवस्था के तहत केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में साल में दो बार संशोधन होता है। पहला बदलाव 1 जनवरी और दूसरा 1 जुलाई से लागू किया जाता है।
ये भी पढ़ें: DA Hike: दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, DA में 3% बढ़ोतरी मंजूर, सैलरी पर कितना असर?
कर्मचारी संगठनों का कहना है कि महंगाई लगातार बदलती रहती है, इसलिए DA और पेंशनभोगियों के DR की समीक्षा हर तीन महीने में होनी चाहिए। इससे बढ़ती महंगाई का असर कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मिलने वाली रकम में जल्दी दिख सकेगा।
25 फीसदी DA पर बेसिक सैलरी में मर्ज करने का प्रस्ताव
कर्मचारी संगठनों ने मांग की है कि महंगाई भत्ता 50 फीसदी होने का इंतजार करने के बजाय 25 फीसदी पर पहुंचते ही इसे बेसिक सैलरी में जोड़ दिया जाए। उनका तर्क है कि DA लगातार बढ़ने से बेसिक पे और कुल वेतन के बीच संतुलन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में DA को तय सीमा पर बेसिक सैलरी में मर्ज करने की व्यवस्था होनी चाहिए।
DA को इनकम टैक्स से छूट देने की मांग
फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गेनाइजेशंस (FNPO) ने महंगाई भत्ते को कर योग्य आय से बाहर रखने की मांग की है। संगठन का कहना है कि DA, HRA और ट्रांसपोर्ट अलाउंस जैसे भत्ते बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन के खर्च की भरपाई के लिए दिए जाते हैं। इन पर टैक्स लगने से कर्मचारियों को मिलने वाली राहत का कुछ हिस्सा कम हो जाता है। अब इन मांगों पर आठवें वेतन आयोग का क्या रुख रहता है, यह उसकी सिफारिशें सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
ये भी पढ़ें: दिवाली से पहले खुशखबरी! 63% हो सकता है महंगाई भत्ता? जानें बेसिक पे के हिसाब से पूरी कैलकुलेशन


Click it and Unblock the Notifications
