पंजाब में 8 आतंकी बड़ी घटना के फिराक में, आईबी ने जारी किया अलर्ट
आईबी ने जैश के आतंकियों का जारी किया अलर्ट, पंजाब में दे सकते हैं पठानकोट जैसी आतंकी घटना को अंजाम, सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाने के निर्देश
नई दिल्ली। पंजाब में जैश ए मोहम्मद की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए आईबी ने हाई अलर्ट जारी किया है। आईबी ने जो इनपुट दिया है उसके अनुसार पंजाब में जैश के आतंकियों के होने की संभावना है। इनपुट्स के अनुसार जैश के 8 आतंकी जम्मू-कश्मीर के पुंछ एलओसी में सीमा पार करके पंजाब आने में सफलता हासिल की है। आईबी इनपुट्स के अनुसार ये आतंकी पठानकोट जैसी किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। आपको बता दें जिन 11 आतंकियों ने पुलवामा में आतंकी घटना को अंजाम दिया था, इसमें 8 जवान शहीद हो गए थे।

गुरदासपुर में हो सकते हैं आतंकी
आईबी ने जो ताजा इनपुट्स दिए हैं उसके अनुसार जैश के 8 आतंकी पंजाब की में हो सकते हैं और यह पठानकोट जैसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस बाबत पंजाब पुलिस को भी जानकारी दे दी गई है, साथ ही सुरक्षा के इंतजाम को पुख्ता करने के भी निर्देश दिए गए हैं। आईबी के इनपुट के अनुसार सभी आतंकी गुरदासपुर की ओर जा रहे हैं, लिहाजा सर्च ऑपरेशन को पुख्ता किए जाने को भी कहा गया है।
पाकिस्तान ने किया है नीति में बदलाव
खुफिया विभाग का कहना है कि पाकिस्तान ने अपनी नीति में बदलाव किया है और वह अब जैश के आतंकियों के जरिए भारत में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा है। जैश को इसीलिए भारत में भेजा गया है ताकि वह बड़ी घटना को अंजाम दे सके, इस गुट को सैन्य ठिकानों पर हमले के लिए जाना जाता है। पठानकोट के आर्मी बेस और संसद पर हमले जैसी घटनाओं को जैश ए मोहम्मद ने ही अंजाम दिया था।
23 अगस्त को भी मिला था इनपुट
जैश के आतंकियों के भारत में घुसपैठ का पहली बार इनपुट 23 अगस्त को मिला था, ऐसे में यह दूसरी बार है जब जैश के आतंकियों को लेकर आईबी ने इनपुट जारी किया है। इस इनपुट में कहा गया है कि ये आतंकी पुंछ में लाइन ऑफ कंट्रोल के रास्ते भारत में दाखिल हुए हैं। अलर्ट में कहा गया है कि ये आतंकी दो गुटों में बंटे हैं और अलग-अलग अपनी योजना बना रहे हैं। एक गुट जम्मू कश्मीर में तो दूसरा पंजाब में बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।












Click it and Unblock the Notifications