डिंपल यादव कृपया ध्यान दें, बिजली से महरूम हैं आपके 765 गांव
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के वीआईपी जनपदों में शुमार कन्नौज जिले में राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना अपने हाल पर रो रही है। हालत ये है कि योजना में चिह्न्ति 765 गांवों में विद्युतीकरण कार्य कछुए की चाल से भी पीछे है। इन गांवों के लोग अभी भी लालटेन युग में जीने को मजबूर हैं। यह हाल तब है, जब स्वयं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस जनपद के पूर्व सांसद और उनकी पत्नी डिम्पल यादव मौजूदा सांसद हैं।
अधिशासी अभियंता विद्युत कार्यालय के अनुसार, शासन ने कुल 822 गांवों में विद्युतीकरण करने के लिए मंजूरी दी थी। इनमें से कुछ गांव सांसद व विधायक निधि में चुनकर वहां पर विद्युतीकरण करा दिया गया था। अब 765 गांव योजना के तहत ऊर्जीकृत होने हैं।
वर्ष 2013 के जुलाई महीने में काम शुरू कराते वक्त दिसंबर 2014 तक शत प्रतिशत गांव संतृप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। लेकिन लापरवाही के कारण ऐसा नहीं हो सका। हालांकि कार्यदायी संस्था एसपी ब्राइट लाइट (कानपुर) ने अभी लोहिया गांव समेत कुछ अन्य गांवों को ही बिजली मुहैया कराई है।
विभागीय कार्यालय में अक्टूबर के अंत तक की प्रगति रिपोर्ट आई है। इस रिपोर्ट के अनुसार सवा साल में मात्र 194 गांवों में ही विद्युतीकरण पूरा हो सका है और 280 गांवों में विद्युतीकरण कराने का कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है, जबकि शेष गांवों में अभी तक काम की शुरुआत भी नहीं हो सकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications