Independence Day 2020: महिला शक्ति पर बोले प्रधानमंत्री- आज लड़ाकू विमान से आसमान की बुलंदियां छू रही महिलाएं
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 74वें स्वतंत्रता दिवस (Independence Day 2020) के मौके पर लाल किले से तिरंगा फहराया। इसके बाद उन्होंने इस ऐतिहासिक स्थल से राष्ट्र को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने इस दौरान महिला शक्ति (PM Modi on Women Power) पर कहा कि आज भारत में महिलाएं अंडरग्राउंड कोयला खदानों में काम कर रही हैं और साथ ही लड़ाकू विमानों से आसमान की बुलंदियों को भी छू रही हैं। उन्होंने कहा कि जब भी भारत में महिलाओं को अवसर मिलते हैं, वो नाम रोशन करती हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, 'भारत में महिला शक्ति को जब-जब अवसर मिले, उन्होंने देश का नाम रोशन किया, देश को मजबूती दी है।'
Recommended Video
उन्होंने कहा, 'महिलाओं को स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर देने के लिए भारत प्रतिबद्ध है। आज भारत में महिलाएं अंडरग्राउंड कोयला खदानों में काम कर रही हैं, तो लड़ाकू विमानों से आसमान की बुलंदियों को भी छू रही हैं। हमारे देश की मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति दी गई है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। देश के जो 40 करोड़ जनधन खाते खुले हैं, उसमें से लगभग 22 करोड़ खाते महिलाओं के ही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ज्यादातर मकान महिलाओं के नाम पर दिए जा रहे हैं।'
आपको बता दें इस बार कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के चलते स्कूली बच्चों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा नहीं लिया। इस बार करीब 500 एनसीसी कैडेट्स लाल किले पर दर्शक-दीर्घा में मौजूद रहे। पीएम मोदी ने कहा, अब देश की 173 सीमा और तटीय जिलों में एनसीसी का विस्तार सुनिश्चित किया जाएगा। इस अभियान के तहत लगभग 1 लाख नए एनसीसी कैडेट्स को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें लगभग एक-तिहाई बेटियों को यह विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
Independence Day 2020: प्रधानमंत्री ने गिनाए सरकार के बड़े कदम, APMC, ECA समेत इन फैसलों ने बदला देश